रांची: झारखंड में दिन के वक्त करीब करीब सर्दी ने विदाई ले ली है. धूप निकलते ही गर्मी महसूस होने लगती है. पिछले कुछ दिनों से दिन के वक्त चल रही बर्फीली हवा का मिजाज भी बदल गया है. लिहाजा, अधिकतम पारा एक बार फिर चढ़ता दिख रहा है. लेकिन न्यूनतम पारा की वजह से सर्दी की विदाई नहीं हो पा रही है. इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है. दिन में गर्मी तो शाम होते ही ठंड महसूस होने लगती है. मौसम केंद्र के मुताबिक आने वाले दिनों में भी मौसम के मिजाज में कोई खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है.
मौसम केंद्र, रांची की ओर से 11 फरवरी को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 2-3 डिग्री तापमान तक का इजाफा हुआ है. चाईबासा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा है. यहां का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री हो गया है. दूसरे स्थान पर 32 डिग्री के साथ सरायकेला जिला है. तीसरे स्थान पर 30.6 डिग्री के साथ डाल्टनगंज और 30.4 डिग्री के साथ जमशेदपुर चौथे स्थान पर है. रांची का अधिकतम पारा 27 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है जो 10 फरवरी की तुलना में करीब 2 डिग्री ज्यादा है. बोकारो का भी पारा 30.1 डिग्री पहुंच गया है. हालांकि शेष ज्यादातर जिलों का अधिकतम पारा अभी भी 30 डिग्री से नीचे ही है.

न्यूनतम पारा भी चढ़ा
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम पारा में भी 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. सबसे कम 6.4 डिग्री तापमान गुमला में रिकॉर्ड हुआ है. यहां के तापमान में भी करीब 1 डिग्री का इजाफा हुआ है. वहीं खूंटी जिला में 7.7 डिग्री, लोहरदगा में 7.8 डिग्री, जबकि डाल्टनगंज में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा है. सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा है. इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, बोकारो, चाईबासा, कोडरमा लातेहार, पाकुड़ और सरायकेला का न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ है. लिहाजा, पिछले 24 घंटों की तुलना में झारखंड में गर्मी बढ़ी है.
पूरे राज्य में लातेहार एकमात्र जिला है, जहां का अधिकतम तापमान सबसे कम 22.5 डिग्री रहा है. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक मौसम की आंखमिचौनी का दौर अभी जारी रहेगा. अगले दो दिनों तक पारा में 204 डिग्री वृद्धि के आसार हैं. लेकिन उसके बाद के तीन दिनों तक पारा में 2 डिग्री तक फिर गिरावट आने की संभावना है.


