Wednesday, February 11, 2026

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम होली और ईद के लिए 23 फरवरी से 23 मार्च तक लगभग 200 अंतरराज्यीय बसें चलाएगा।

Share

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम होली और ईद के लिए 23 फरवरी से 23 मार्च तक लगभग 200 अंतरराज्यीय बसें चलाएगा। इनमें 62 बसें बिहार-दिल्ली रूट पर होंगी। ऑनलाइन बुकिंग 5 फरवरी से शुरू हो गई है। निगम ने सब्सिडी युक्त किराया और समय-सारिणी जारी की है, जिससे निजी ऑपरेटरों की मनमानी पर रोक लगेगी। पटना-दिल्ली एसी स्लीपर का किराया 1,893 रुपये है।

पटना। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर होली और ईद के अवसर पर प्रवासी बिहारियों के लिए 23 फरवरी से 23 मार्च तक लगभग 200 अंतरराज्यीय बसें चलेंगी। इसमें सबसे अधिक 62 बसें बिहार-दिल्ली रूट पर होंगी। इनके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग पांच फरवरी से शुरू हो चुकी है। निगम ने अब प्रमुख रूटों की समय-सारिणी और सब्सिडी युक्त किराया भी जारी कर दिया है।

पटना-दिल्ली रूट पर एसी सीटर बस का किराया मात्र 1,254 रुपये और एसी स्लीपर बस का 1,893 रुपये रखा गया है। सरकार इस मार्ग के लिए क्रमश: 619 और 919 रुपये की सब्सिडी दे रही है। बस पटना के गांधी मैदान बस स्टैंड से सुबह 11:30 बजे और दिल्ली से दोपहर एक बजे रवाना होंगी।

इसी तरह गयाजी-दिल्ली के लिए एसी सीटर बस 1,158 रुपये और एसी स्लीपर 1,747 रुपये में उपलब्ध होगी। बस गया से शाम 7:30 बजे और दिल्ली से दोपहर 1:30 बजे प्रस्थान करेगी।

मुजफ्फरपुर-दिल्ली रूट पर एसी सीटर का किराया सब्सिडी के बाद 1,121 रुपये (वास्तविक 1,730 रुपये) और एसी स्लीपर का सब्सिडी के बाद 1,692 रुपये (वास्तविक किराया 2,642) है। मुजफ्फरपुर से बस सुबह 11:20 बजे और दिल्ली से दोपहर 2:20 बजे बस चलेगी।

त्योहारी सीजन में हरियाणा के लिए 40, झारखंड के लिए 10, पश्चिम बंगाल के लिए 5 और यूपी के लिए 2 बसें चलेंगी। निगम के नियंत्रित किराये से निजी ऑपरेटर मनमाना किराया नहीं वसूल सकेंगे।

पूर्णिया-अंबाला एसी सीटर बस का किराया 1,563 रुपये है। मुजफ्फरपुर-रांची एसी सीटर बस दोनों ओर शाम 6:30 बजे खुलेगी, जिसमें वास्तविक किराया 707 रुपये पर 269 रुपये सब्सिडी दी जा रही है।

रूट (Route)एसी सीटर (AC Seater)एसी स्लीपर (AC Sleeper)
पटना – गुरुग्राम₹1093₹1649
किशनगंज – दिल्ली₹1494₹2255
अररिया – गुरुग्राम₹1356₹2046
सीतामढ़ी – दिल्ली₹1183₹1785
शिवहर – दिल्ली₹1170₹1766
सिवान – दिल्ली₹1007₹1520
गयाजी – गुरुग्राम₹1207₹1822
गयाजी – अंबाला₹729
मधुबनी – अंबाला₹1434
मधुबनी – गुरुग्राम₹1223₹1845
सुपौल – दिल्ली₹1345₹2030
लऊखा – अंबाला₹1207₹2109

Read more

Local News