बिहार में कोहरे और हल्की ठंड का प्रभाव जारी रहेगा, खासकर उत्तरी जिलों में। पटना सहित आसपास के इलाकों में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। किशनगंज में सबसे कम 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई
पटना। बिहार में कोहरे और हल्की ठंड का प्रभाव बना रहेगा। पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम पछुआ के कारण शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, राज्य के उत्तरी भागों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया और पूर्णिया जिले में सुबह-शाम घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। राज्य के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री गिरावट के आसार हैं।
पूर्वोत्तर बांग्लादेश और आसपास इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। इसके कारण उत्तरी भागों में कोहरे छाए रहेंगे।
रविवार को पटना सहित आसपास इलाकों में पछुआ की तेज गति के साथ मौसम शुष्क व हल्की ठंड का प्रभाव बना रहा। राज्य में 9.3 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
13.4 डिग्री सेल्सियस राजधानी का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। 20 वर्षों के दौरान राजधानी का न्यूनतम तापमान सर्वाधिक दर्ज किया गया।
150 मीटर मोतिहारी में सबसे कम दृश्यता दर्ज की गई। पटना सहित 10 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस एवं 28.9 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
मोतिहारी, फारबिसगंज एवं किशनगंज को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
बिहार के प्रमुख शहरों का मौसम अपडेट
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| गयाजी | 27.0 | 11.0 |
| पटना | 25.5 | 13.4 |
| भागलपुर | 25.1 | 10.8 |
| मुजफ्फरपुर | 22.8 | 13.2 |


