बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है, दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। पछुआ हवाओं के कारण कनकनी बढ़ गई है, और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। उत्तरी भागों में घना कोहरा छाने की संभावना है। 9 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदलेगा।
पटना। राज्य के मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य हो रहा है जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राज्य के ज्यादातर भागों का मौसम शुष्क बने होने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। पछुआ की गति 40 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। उत्तरी भागों के कुछ भागों में घना कोहरा छाए रहेगा।
24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। पटना सहित आसपास इलाकों में मौसम सामान्य बने होने के साथ पछुआ के कारण हल्की ठंड का प्रभाव बना रहेगा। नौ फरवरी को हिमालय क्षेत्रों में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके कारण उत्तरी भागों में कोहरे और बादल छाए रहने के आसार है।
पटना का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस
शनिवार को सिवान के जीरादेई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस एवं 13.8 डिग्री सेल्सियस पटना का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस से 16.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पांच सौ मीटर सबसे कम दृश्यता वाल्मीकि नगर में दर्ज किया गया।
पटना का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस एवं 28.3 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को छपरा, गोपालगंज, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मुंगेर एवं कटिहार को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान ( डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 25.0 | 13.8 |
| गया जी | 26.4 | 9.6 |
| भागलपुर | 24.5 | 10.4 |
| मुजफ्फरपुर | 22.8 | 12.3 |


