Monday, February 9, 2026

दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य में पर्यटकों के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार ने ईको कॉटेज के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया.

Share

झारखंड के पर्यटन मानचित्र पर दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. ‘अबुआ सरकार’ के पर्यटन विकास संकल्प को साकार करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य में 30 ईको कॉटेज का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. साथ ही, उन्होंने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर बहुप्रतीक्षित जंगल सफारी का भव्य शुभारंभ भी किया.

यह आयोजन दलमा को एक संगठित और आधुनिक पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है. कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी खास बना दिया.

Dalma Wildlife Sanctuary

पर्यटकों को मिलेगा प्रकृति के बीच आरामदायक प्रवास

मंत्री सुदिव्य कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 30 ईको कॉटेज के निर्माण से पर्यटकों को अभ्यारण्य के समीप ठहरने की बेहतरीन सुविधा मिलेगी. इससे सैलानी प्राकृतिक वातावरण में रहकर दलमा की पहाड़ियों, हरियाली और जैव विविधता का नजदीक से आनंद ले सकेंगे. सरकार का उद्देश्य पर्यटकों के प्रवास को सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है.

जंगल सफारी से बढ़ेगा रोमांच

जंगल सफारी के शुभारंभ के बाद मंत्री और विभागीय अधिकारियों ने स्वयं सफारी के माध्यम से अभ्यारण्य का भ्रमण किया. इस नई सुविधा से अब पर्यटक दलमा के जंगलों में सुरक्षित तरीके से वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य का रोमांचक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे.

Dalma Wildlife Sanctuary

स्थानीय विकास और रोजगार को मिलेगी गति

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा,“दलमा झारखंड की प्राकृतिक धरोहर का केंद्र है. इसे पर्यटन हब बनाने का हमारा संकल्प अब धरातल पर उतर रहा है. ईको कॉटेज और जंगल सफारी से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे.”

Read more

Local News