Wednesday, March 18, 2026

होली पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने रांची से तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

Share

होली पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने रांची से तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें गोरखपुर, अजमेर और जयनगर के लिए होंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। देशभर में कुल 1410 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है, जिनमें दिल्ली से भी कई ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

 रांची। होली पर्व को लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। स्थिति यह है कि अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं और लगभग सभी प्रमुख रूट पर वेटिंग लंबी हो चुकी है।

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने रांची से तीन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है, जिससे त्योहार के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे की ओर से जिन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की गई है, उनमें रांची–गोरखपुर–रांची, रांची–अजमेर–रांची और रांची–जयनगर–रांची शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन ट्रेनों के संचालन की तिथियां और समय-सारणी जल्द निर्धारित कर सार्वजनिक कर दी जाएंगी। इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह निर्णय बेहद राहत भरा माना जा रहा है।

रेलवे का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक और काफी वृद्धि हो जाती है। इसी बढ़ी हुई मांग को समायोजित करने के लिए रेलवे देशभर में कुल 1410 स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बना रही है।

इनमें से अधिकांश ट्रेनें दिल्ली से विभिन्न राज्यों के लिए चलाई जाएंगी, ताकि उत्तर भारत के यात्रियों को अपने घर पहुंचने में सुविधा मिल सके।

होली के समय लगभग सभी प्रमुख रूट की ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है। खासकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार रूट की ट्रेनों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं।

इस स्थिति को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

प्लेटफार्म पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती, यात्रियों को समय पर जानकारी देने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इधर, रांची रेल मंडल की ओर से अन्य रूटों के लिए भी प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजे गए हैं। इनमें दिल्ली, लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के अन्य प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन का सुझाव शामिल है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान यात्री किसी तरह अपने गंतव्य तक तो पहुंच जाते हैं, लेकिन वापसी के समय टिकट वेटिंग में चला जाता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Read more

Local News