Thursday, March 19, 2026

गिरिडीह मेयर चुनाव को लेकर जेएमएम और कांग्रेस ने समर्थित उम्मीदवार की घोषणा कर दी है.

Share

गिरिडीहः नगर निकाय चुनाव में नाम वापसी की तिथि से पहले महागठबंधन में दरार हो गई है. यहां मेयर चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. जेएमएम ने जहां पार्टी नेता प्रमिला मेहरा को समर्थन देने की घोषणा की है. वहीं कांग्रेस ने पार्टी नेता समीर राज चौधरी को समर्थन दिया है. गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर प्रेस वार्ता कर इसकी घोषणा दोनों पार्टी के जिलाध्यक्ष ने की है.

नगर विकास के लिए एकजुट हैं कार्यकर्ता: जेएमएम

गुरुवार को गोयनका सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि प्रमिला मेहरा हमेशा से ही लोगों की समस्या को लेकर संजीदा रही हैं. इनके नेतृत्व में शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी. प्रमिला मेहरा को झारखंड मुक्ति मोर्चा अपना समर्थन देती है. प्रमिला के पक्ष में जेएमएम कार्यकर्त्ता एकजुट होकर काम करेंगे. इस मौके पर अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, सुमन सिन्हा, रॉकी सिंह, अभय सिंह, कृष्ण मुरारी शर्मा, चांद रशीद, टुन्ना सिंह, देवचरण दास, अजय सिंह, दिलीप रजक, सुमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

जनहित मुद्दों को समझने वाले हैं समीर: कांग्रेस

दूसरी तरफ अलकापुरी में मेयर प्रत्याशी सह कांग्रेस नेता डॉ. समीर राज चौधरी ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया. यहां पहुंचे कांग्रेस के नेताओं ने डॉ. समीर राज चौधरी को समर्थन देने की घोषणा की. कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि डॉ. समीर राज चौधरी अनुभवी, शिक्षित और जनहित के मुद्दों को समझने वाले प्रत्याशी हैं. उनके नेतृत्व में नगर निगम का समुचित विकास होगा और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. इस दौरान अजय सिन्हा मंटू, मदन लाल विश्वकर्मा, महमूद अली खान, साबिर खान, बेलाल, इमामुद्दीन अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

शैलेन्द्र चौधरी हैं भाजपा समर्थित प्रत्याशी

बता दें कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद पर नामांकन करनेवाले डॉ. शैलेंद्र चौधरी को समर्थन देने की घोषणा की थी. हालांकि भाजपा के इस घोषणा के बावजूद भाजपा नेता कामेश्वर पासवान, प्रकाश कुमार दास और नागेश्वर दास ने नामांकन कर दिया.

जेएमएम-कांग्रेस से जुड़े नेता कर चुके हैं नामांकन

बता दें कि भले ही कांग्रेस ने मेयर सीट पर डॉ. समीर को समर्थन देने की घोषणा की है लेकिन कांग्रेस के एक और नेता जोगेश्वर महथा भी मेयर पद पर नामांकन दाखिल कर चुके हैं. इसी तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े पप्पू रजक भी मेयर का नामांकन कर चुके हैं. ऐसे में देखना होगा कि कांग्रेस-जेएमएम से जुड़े दोनों प्रत्याशी आगे क्या करते हैं.

Read more

Local News