दुमकाः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को दुमका स्थित अपने आवास पर आम लोगों के साथ मुलाकात की. सीएम ने उनकी समस्यां सुनी और तत्काल अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि वे इस पर आवश्यक पहल करें.
दरअसल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज दुमका के खिजुरिया गांव स्थित अपने आवास पर अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों से मुलाकात की. जहां लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को इनके शीघ्र हल के निर्देश दिए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है, यह सरकार गांव की सरकार है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाएं आम नागरिकों को सीधा लाभ प्रदान कर रही हैं. आप सब इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं.
दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो द्वारा आयोजित झारखंड दिवस समारोह में भाग लेने के लिए दुमका आए हुए थे. उन्होंने अपना संबोधन अधिकांशतः संथाली भाषा में ही दिया. अपने असम के दौरे के संबंध में संथाली में उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र के आदिवासी समाज के संथाली, मुंडा, उरांव, हो जाति की काफ़ी संख्या है. आज भी वे अपनी पहचान के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं. असम में उन सबों ने हमें बताया कि जब-जब हमें यहां परेशानी आती थी तो गुरुजी शिबू सोरेन हमारे पक्ष में आते थे तो अभी हम उन्हें यह विश्वास दिला कर लौटे हैं कि आगे भी अगर किसी तरह की कोई परेशानी आती है तो पूरा झारखंड और यहां की जनता आपका साथ देने के लिए असम पहुंचेगी.

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हाल के अपने विदेश दौरे को संतोषप्रद बताया. उन्होंने कहा कि एक बड़े वैश्विक मंच पर झारखंड का नौजवान अपनी उपस्थिति दर्ज करने में सफल हुआ. इसका कितना फायदा मिलेगा यह तो आने वाले दिनों में मिलेगा लेकिन अगर इस तरह के प्रयास पहले किए जाते तो राज्य के लिए काफी बेहतर होती.


