रांची: केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान(CIP) कांके में निजी सुरक्षाकर्मियों की जगह होमगार्ड के जवानों की तैनाती का विरोध हो रहा है. जिसको लेकर शनिवार को निजी गार्ड्स का प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. रांची स्थित झामुमो केंद्रीय कैंप कार्यालय में केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान कांके के सुरक्षाकर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान में 156 सुरक्षाकर्मियों को हटाकर होमगार्ड को रखे जाने के विरोध में एक मांगपत्र पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय को सौंपा है.
इस गंभीर विषय पर निजी सुरक्षागार्डों की पूरी बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर झामुमो नेता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हालांकि सीआईपी भारत सरकार का संस्थान है. बावजूद इसके वह उनकी सभी बातों को सरकार के स्तर पर रखकर, समाधान का आग्रह पार्टी स्तर से करेंगे. सीआईपी के निजी सुरक्षाकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्य रूप से झामुमो रांची मंडली सदस्य सोनू मुंडा, कांके प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की और अन्य उपस्थित रहे.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव से फरियाद लगाने वाले निजी सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि दरअसल, सीआईपी प्रबंधन ने पिछले दिनों यह निर्णय लिया था कि सीआईपी की सुरक्षा का जिम्मा अब निजी सुरक्षा गार्ड की जगह होमगार्ड्स को सौंपी जाएगी. उसी फैसले के तहत करीब 156 निजी सुरक्षाकर्मियों की जगह होमगार्ड्स के जवानों की तैनाती की गई है. अब बेरोजगार हुए निजी गार्ड्स इस पूरे मामले में झामुमो से हस्तक्षेप करने की मांग कर रहा है. जिससे की उनका घर-परिवार का गुजारा चलता रहे.


