सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए आज (29 जनवरी) एक सप्ताह हो रहा है. 23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म ने ओपनिंग डे से भी दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब रही है. पॉजिटिव रिस्पॉन्स की वजह से फिल्म मात्र 6 दिनों में 250 करोड़ के करीब पहुंच गई है. फिल्म को इतना प्यार मिलता देख सनी देओल दर्शकों को धन्यवाद देने के लिए खुद को रोक नहीं पाए.
गुरुवार, को गदर एक्टर सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया है. वीडियो में वह बर्फ की वादियो के बीच बैठे नजर आ रहे हैं. इस को वीडियो को शेयर करते हुए एक्टर ने कैप्शन में लिखा है, ‘मेरी, आपकी हमारी ‘बॉर्डर 2′ को इतना प्यार देने के लिए आप सबको बहुत प्यार.’
वीडियो में वह तेज आवाज में बोलते हैं, ‘आवाज कहां तक गई?’ इसके बाद वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, ‘आपके दिलों तक. आपको मेरी बॉर्डर बहुत पसंद आई. बहुत-बहुत धन्यवाद. सभी को प्यार.’
सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है, सिर्फ छह दिनों में 231.83 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिससे इसने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के पहले छह दिनों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. ‘छावा’ ने 197.75 करोड़ रुपये, ‘टाइगर 3’ ने 196 करोड़ रुपये, ‘सुल्तान’ ने 195.90 करोड़ रुपये, ‘टाइगर जिंदा है’ ने 190.62 करोड़ रुपये, ‘संजू’ ने 186.41 करोड़ रुपये, ‘वॉर’ ने 180.30 करोड़ रुपये और ‘धुरंधर’ ने छह दिनों में 180.25 करोड़ रुपये कमाए थे.
उम्मीद है कि ‘बॉर्डर 2’ 7वें दिन 250 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी. सैकनिल्क के मुताबिक, गुरुवार, 29 जनवरी को फिल्म ने दोपहर 3 बजे तक 2.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. शाम तक इसकी संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है.
‘बॉर्डर 2’, जेपी दत्ता की निर्देशित 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है. फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि मेधा राणा, अन्या सिंह, मोना सिंह और सोनम बाजवा फीमेल लीड रोल में हैं.
सनी देओल के वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्टर अब अगले महीने अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. इस फिल्म को ए.आर. मुरुगादॉस और फरहान अख्तर मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. हालांकि अभी तक इस फिल्म का टाइटल सामने नहीं आया है. सनी देओल की आगामी फिल्म को बालाजी गणेश डायरेक्ट करेंगे. रविवार को फिल्म की टीम पूजा के लिए एक साथ इकट्ठा हुई. उम्मीद है कि फिल्म की शूटिंग फरवरी 2026 से शुरू होगी.


