झारखंड में मैक्लुस्कीगंज का पारा शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया. रांची समेत तीन जिलों में शीतलहरी का कहर जारी है. दो दिनों में पारा थोड़ा चढ़ेगा, लेकिन इसके अगले दिन से दो से तीन डिग्री गिरेगा.
पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी से आ रही ठंडी हवा के कारण झारखंड में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. सुबह व शाम में कोहरा और कनकनी से राहत नहीं मिल रही है. मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को रांची, खूंटी और गुमला में शीतलहरी चलने की संभावना व्यक्त की है. दिन में मौसम शुष्क रहेगा, हवा की गति चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री मैक्लुस्कीगंज में
शनिवार को मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री दर्ज किया गया. खूंटी का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री, रांची का 6.4 डिग्री और मेदिनीनगर का 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम और पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री कम रहा. ग्रामीण क्षेत्र में कांके का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें पिछले 24 घंटे में 0.5 डिग्री की और कमी आयी. हवा की गति 4.2 किलोमीटर प्रतिघंटा रही. लगातार पाला पड़ने से खेतों में लगी सब्जियों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है.
अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान
जमशेदपुर 8.0, बोकारो 6.1, चाईबासा 6.6, लातेहार 8.0, सरायकेला 8.0, पाकुड़ 6.1, गढ़वा 3.7, गुमला 1.5, हजारीबाग 3.7, लोहरदगा 10, कोडरमा 6.6, देवघर 7.1, चतरा 6.0.
किया जा रहा है कंबल का वितरण
इस कड़ाके की ठंड में राज्य सरकार के सौजन्य से जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया जा रहा है इस भीषण ठंड में कंबल पा कर लाभुक काफी खुश नजर आ रहे हैं. कंबल जरूरतमंद लोगों का इस ठंड में सहारा बन रहे हैं.
कोहरे ने बिगाड़ा उड़ानों का समय, 11 फ्लाइट लेट
कोहरे का असर शनिवार को विमानों के परिचालन पर पड़ा. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विभिन्न राज्यों के लिए उड़ान भरने वाली 11 फ्लाइट विलंब से उड़ीं. रांची-बेंगलुरु सुबह 8:55 बजे की जगह 9:21 बजे, रांची-दिल्ली सुबह 9:05 बजे की जगह 9:28 बजे, रांची-दिल्ली सुबह 10:00 बजे की जगह 10:46 बजे, रांची-मुंबई सुबह 11:10 बजे की जगह 11:34 बजे, रांची-चेन्नई दोपहर 12:50 बजे की जगह 1:22 बजे, रांची-पटना दोपहर 1:30 बजे की जगह 2:01 बजे, रांची-कोलकाता शाम 4:10 बजे की जगह 5:05 बजे, रांची-दिल्ली शाम 5:45 बजे की जगह रात 8:19 बजे, रांची-मुंबई शाम 6:50 बजे की जगह रात 8:15 बजे, रांची-चेन्नई शाम 7:10 बजे की जगह 7:37 बजे और रांची-दिल्ली शाम 7:20 बजे की जगह 7:43 बजे उड़ी. एयरलाइंस अधिकारियों ने बताया कि कुहासा और एयर ट्रैफिक के कारण विमानों का आगमन देर से हुआ. इसी वजह से दिनभर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा.


