पटना। बिहार सरकार ने चनपटिया स्टार्ट-अप जोन परिसर में संचालित टेक्सटाइल एवं वस्त्र उद्योग से जुड़ी इकाइयों को बड़ी राहत दी है।
उद्योग विभाग द्वारा पूर्व में जारी संकल्प में संशोधन करते हुए विशेष परिस्थितियों के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
इसके अंतर्गत बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (वस्त्र एवं चर्म) नीति में आवश्यक संशोधन किया गया है। संशोधित प्रावधान के अनुसार चनपटिया स्टार्ट-अप जोन परिसर में स्थित 58 इकाइयों के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति, 2016 के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन हेतु निर्धारित न्यूनतम निवेश सीमा 25 लाख रुपये की शर्त को शिथिल किया गया है।
इससे छोटी और नवोदित इकाइयों को भी सरकारी प्रोत्साहन का लाभ मिल सकेगा। इसके साथ ही बिहार राज्य साख एवं विनियोग निगम लिमिटेड (BICICO) के माध्यम से इन इकाइयों को 9 प्रतिशत वार्षिक रियायती ब्याज दर पर तीन वर्षों के लिए अल्पावधि ऋण (शॉर्ट टर्म लोन) उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से चनपटिया क्षेत्र में वस्त्र उद्योग को गति मिलने, रोजगार सृजन बढ़ने और स्थानीय उद्यमियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


