भवन निर्माण विभाग ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कड़े आदेश जारी किए हैं। सचिव कुमार रवि ने चेतावनी दी है कि काम या सामग्री में कमी पाए जाने पर साइट इंजीनियरों को प्रतिबंधित किया जाएगा और संवेदकों पर कार्रवाई होगी। पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य 299 निर्माणाधीन भवनों को उच्च मानकों के साथ समय पर पूरा करना है। अनुपस्थित रहने वालों को अतिरिक्त प्रशिक्षण लेना होगा।
पटना। भवन निर्माण विभाग ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट आदेश जारी किया है।
जिसमें कहा गया है कि काम अथवा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित साइट इंजीनियर को तत्काल प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही संवेदक पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
संवेदक, साइट इंजीनियर और विभागीय अभियंता समन्वय के साथ एक टीम की तरह कार्य करें। सुरक्षा मानकों और तकनीकी निर्देशों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिवेशन भवन, पटना में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के 299 प्रखंडों में निर्माणाधीन प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण कराना है।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन दक्षिण बिहार उपभाग एवं पटना उपभाग के अभियंताओं, संवेदकों एवं साइट इंजीनियर्स ने भाग लिया, जबकि पहले दिन उत्तर बिहार उपभाग के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया था।
अनुपस्थित रहने वालों को तीन दिन की लेनी होगी ट्रेनिंग
सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले संवेदकों एवं साइट इंजीनियर्स को अनिवार्य रूप से अतिरिक्त तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण लेना होगा।
प्रशिक्षण सत्रों में भवनों के वास्तुशिल्पीय एवं संरचनात्मक डिजाइन, विद्युत फिटिंग्स, कार्य निष्पादन, ग्रीन फीचर बिल्डिंग और गुणवत्ता जांच जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
विभाग ने बताया कि राज्य में 240 जर्जर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
जबकि 59 भवनहीन प्रखंडों में प्रशासनिक-सह-आवासीय परिसरों का निर्माण एवं परिसर विकास कार्य प्रगति पर है। इन भवनों में आधुनिक सुविधाओं के साथ सोलर पैनल की भी व्यवस्था की जाएगी।


