Tuesday, March 24, 2026

झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन, 69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता दिनांक 6 से 9 जनवरी 2026 तक क्रीड़ा संकुल, संभाजीनगर स्टेडियम, महाराष्ट्र में आयोजित की गई.

Share

Ranchi : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में भाग लेने गए झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. 69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता दिनांक 6 से 9 जनवरी 2026 तक क्रीड़ा संकुल, संभाजीनगर स्टेडियम, महाराष्ट्र में आयोजित की गई.

अंडर-19 आयुवर्ग में झारखंड के वेटलिफ्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक (दो रजत एवं एक कांस्य) जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया.

प्रतियोगिता में बाबूलाल हेंब्रम ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया. उन्होंने स्नैच में 97 केजी तथा क्लीन एंड जर्क में 128 किग्रा वजन उठाया. इस प्रकार उनका कुल योग 225 केजी रहा.

वहीं, सूरज कुमार महतो ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. उन्होंने स्नैच में 108 केजी और क्लीन एंड जर्क में 142 केजी वजन उठाकर कुल 250 केजी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया.

इसी तरह रोहन कुमार ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया. उन्होंने स्नैच में 115 किग्रा तथा क्लीन एंड जर्क में 142 किग्रा वजन उठाकर कुल 257 किग्रा का योग बनाया. खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता में कोच रंजीत मिश्रा एवं मैनेजर कुणाल दीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के वेटलिफ्टर्स ने जिस आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रदर्शन किया है, वह अत्यंत सराहनीय है. यह उपलब्धि खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत का परिणाम है तथा राज्य में खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती है.

इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

Read more

Local News