जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में इंटरनेशनल डॉग चैंपियनशिप शो का आयोजन किया गया है. जमशेदपुर कैनल क्लब द्वारा आयोजित यह शो 9 से 11 जनवरी 2026 तक तीन दिनों तक चलेगा. बिष्टुपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आर्चरी ग्राउंड में हुए इस डॉग शो का उद्घाटन टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन ने किया. इस मौके पर जमशेदपुर कैनल क्लब की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन और कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. उद्घाटन के बाद, टाटा मोटर्स और टाटा स्टील के ट्रेंड डॉग ने कई परफॉर्मेंस दिए, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे.
आपको बता दें कि इस इंटरनेशनल डॉग चैंपियनशिप शो में भारत और विदेश के 326 वर्ल्ड-क्लास डॉग शामिल हो रहे हैं. दर्शकों को शो में कुल 43 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ब्रीड के स्वान देखने का मौका मिलेगा.
इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि जमशेदपुर एक खुशनुमा शहर है और ऐसे आकर्षक आयोजन का समय-समय पर होना एक अच्छी पहल है, जिससे यहां के लोगों को कई चीजें देखने और समझने का मौका मिलता है. यह शो डॉग लवर्स के लिए एक खास पल है, जो उन्हें विदेशी नस्लों के डॉग को देखने का मौका देता है.

जमशेदपुर कैनल क्लब की अध्यक्ष रुचि नरेंद्रन ने कहा कि इस तीन दिवसीय मेगा इवेंट में भारत और विदेश के कुल 326 वर्ल्ड-क्लास डॉग हिस्सा लेंगे. इसमें जमशेदपुर कैनल क्लब से जुड़े 38 स्वान भी शामिल हैं. इस इवेंट में ओबीडिएंस प्रतियोगिता, लैब्राडोर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और ऑल ब्रीड्स चैंपियनशिप शो का आयोजन किया जाएगा. रुचि नरेंद्रन ने कहा कि ओबीडिएंस प्रतियोगिता को देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है. इस साल इसमें कुल 39 डॉग हिस्सा ले रहे हैं.

इस प्रतियोगिता में तिब्बतन मास्टिफ, चाउ चाउ, डोगो अर्जेंटिनो और इंग्लिश सेटर जैसी विदेशी नस्लों के साथ-साथ भारतीय देसी नस्लों के डॉग भी शामिल होंगे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे. डॉग शो को जज करने के लिए भारत से फिलिप बट और फिनलैंड से इरिना पोलेटाएवा जैसे इंटरनेशनल लेवल के ख्याति प्राप्त जज मौजूद रहेंगे.

उन्होंने बताया कि यह डॉग शो न सिर्फ डॉग लवर्स के लिए, बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए भी एक यादगार अनुभव होगा. इंसान डॉग की भाषा नहीं समझते, लेकिन डॉग इंसानों की भाषा समझते हैं. साथ ही वे वफादार भी होते हैं.. डॉग लवर्स तनाव मुक्त रहते हैं. हमें न सिर्फ स्पेशल ब्रीड के डॉग पर, बल्कि स्ट्रीट डॉर पर भी ध्यान देने की जरूरत है.


