बीपीएससी द्वारा बहाल शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच का आदेश जारी हुआ है। बहाली के दो साल बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है। डीईओ ने सभी बीईओ को 16 जनवरी तक शिक्षकों के मैट्रिक से लेकर प्रशिक्षण तक के वाटरमार्क वाले प्रमाण पत्र जमा करने का निर्देश दिया है। बांका जिले में लगभग पांच हजार शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच होगी, जिसमें स्थानांतरित शिक्षक भी शामिल हैं।
बांका। बीपीएससी शिक्षकों की बहाली का दो साल पूरा होने के बाद विभाग ने अब उनका प्रमाण पत्र जांचने का आदेश जारी किया है। मैट्रिक, इंटर से लेकर बीए और एमए और उनके प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र भी जांचा जाएगा। इसके लिए डीईओ ने सभी बीईओ को पत्र जारी किया है।
वे 16 जनवरी तक सभी शिक्षकों का सभी कागजात उनके कार्यालय में जमा करेंगे। जांच के लिए शिक्षकों से उनका वाटर मार्क वाला प्रमाण पत्र ही जमा लिया जाएगा। यही प्रमाण पत्र उन्होंने बहाली के समय आवेदन में दिया था। बाद में इसका ही उन्होंने सत्यापन कराया था
प्रमाण पत्रों की जांच बीपीएससी टीआरई वन से लेकर टीआरई-3 तक के जिला में कार्यरत शत प्रतिशत शिक्षकों की होगी। तीनों चरण में जिला में पांच हजार के करीब शिक्षक बहाल हुए हैं।
अब दूसरे जिला में बहाल होकर स्थानांतरण से बांका आए हैं, उनके प्रमाण पत्र भी जांचे जाएंगे, लेकिन जो शिक्षक बांका से बहाल होकर दूसरे जिलों में चले गए हैं, उनकी जांच उसी जिले में होगी।
डीईओ देवनारायण पंडित ने बताया कि प्रमाण पत्र जांच के लिए सभी बीईओ को पत्र लिख दिया गया है। 16 जनवरी तक निर्धारित फार्मेट में सभी बीपीएससी शिक्षक का प्रमाण पत्र जमा होना है। संबंधित बोर्ड से इसकी जांच कराई जाएगी।


