Wednesday, March 25, 2026

झारखंड की आहाना सिंह ने ब्यूटी पेजेंट जूनियर मिस इंडिया के फाइनल में जगह बनाई है.

Share

रांचीः झारखंड की राजधानी रांची की नन्ही परी आहाना सिंह ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आहाना ने देश के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट जूनियर मिस इंडिया सीजन 4 के ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली है.

अब आगामी 6 से 8 जनवरी 2026 तक राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के भव्य आयोजन में आहाना सिंह रांची और पूरे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. यह आयोजन जयपुर के प्रतिष्ठित होटल में संपन्न होगा, जहां देशभर से चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे.

8 से 10 वर्ष आयु वर्ग की ग्रैंड फाइनलिस्ट आहाना सिंह डीपीएस रांची की छात्रा है. पढ़ाई के साथ-साथ आहाना कला और संस्कृति में भी विशेष रुचि रखती हैं. वह नेहरू कला केंद्र से शास्त्रीय नृत्य ओडिसी का प्रशिक्षण ले रही हैं, जिसने उनके व्यक्तित्व को और निखारा है. आहाना उन चुनिंदा प्रतिभाशाली बच्चों में शामिल हैं जिन्होंने कड़े और बहु-स्तरीय ऑडिशन राउंड्स को पार कर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का गौरव प्राप्त किया है.

जूनियर मिस इंडिया का यह ग्रैंड फिनाले तीन दिन तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को कई चुनौतीपूर्ण, रचनात्मक और ग्लैमरस राउंड्स से गुजरना होगा. इन राउंड्स के माध्यम से बच्चों की न केवल सुंदरता, बल्कि उनका आत्मविश्वास, प्रस्तुति कौशल, संस्कृति की समझ और व्यक्तित्व का भी मूल्यांकन किया जाएगा.

इस प्रतियोगिता के प्रमुख राउंड्स में कल्चरल राउंड शामिल है, जिसमें आहाना झारखंड की पारंपरिक संस्कृति, लोक रंग और विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगी. यह राउंड राज्य की पहचान और सांस्कृतिक विविधता को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर होगा.

इसके अलावा पार्टी वेस्टर्न वियर राउंड में आहाना डिजाइनर आउटफिट्स में रैंप वॉक कर अपनी ग्रेस और कॉन्फिडेंस का प्रदर्शन करेंगी. वहीं प्रिंसेस गाउन राउंड में उनकी संपूर्ण पर्सनैलिटी, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति की परख होगी. इन सभी राउंड्स के दौरान आहाना का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता में भाग लेना नहीं, बल्कि झारखंड की बेटियों की प्रतिभा और संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित करना है.

आहाना सिंह की इस उपलब्धि से रांची और झारखंड में खुशी का माहौल है. उनके परिवार, स्कूल, गुरुजन और शुभचिंतक इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं. आहाना की सफलता यह संदेश देती हैं कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ झारखंड की बेटियां किसी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं. अब सभी की निगाहें जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं, जहां आहाना सिंह अपने सपनों को पंख देने उतरेंगी. आहाना के परिवार जनों का कहना है कि प्रतिभा की ध्वनि है बच्ची, और आगे भी बेहतर करेगी.

Read more

Local News