Wednesday, March 25, 2026

झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, 31 दिसंबर के लिए 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Share

रांचीः साल 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है. सभी अपने-अपने तरीके से नववर्ष को यादगार बनाने की तैयारी में जुटे हैं. इस बीच झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. गुमला समेत चार जिलों का न्यूनतम पारा 5 डिग्री से भी नीचे चला गया है. वहीं मौसम केंद्र ने साल के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर को राज्य के 12 जिलों में घने कोहरे की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिले शामिल हैं.

राज्य के 11 जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री के नीचे

मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक पूरे राज्य में उत्तर पश्चिम हवाएं चल रही हैं. ज्यादातर इलाकों का मौसम शुष्क है. कई इलाकों के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की कमी आई है. मौसम केंद्र, रांची की ओर से 30 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुमला में सबसे ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई है. गुमला का न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री पहुंच गया है.

गुमला के बाद खूंटी में न्यूनतम पारा 3.7 डिग्री पहुंच गया है. कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है. इसके अलावा लोहरदगा में 4.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 5.0 डिग्री, रांची में 5.4 डिग्री, सिमडेगा में 6.4 डिग्री, सरायकेला में 7.1 डिग्री, बोकारो में 7.1 डिग्री, जमशेदपुर में 8.6 डिग्री, चाईबासा में 9.2 डिग्री और कोडरमा में 9.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

पांच जिलों में दिन में भी कड़ाके की ठंड

राज्य में पांच जिले ऐसे हैं जहां दिन में भी सिहरन से लोग परेशान हैं. इसकी वजह है अधिकतम तापमान में गिरावट. दिन में सबसे ज्यादा ठंड डाल्टनगंज में पड़ रही है. यहां का अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री पहुंच गया है. वहीं कोडरमा में 16.1 डिग्री, हजारीबाग में 16.4 डिग्री, पाकुड़ में 16.6 डिग्री और देवघर में 18.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

JHARKHAND WEATHER UPDATE

खास बात यह है कि ज्यादातर जिलों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे चला गया है. सिर्फ तीन जिले ऐसे हैं, जहां का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से थोड़ा ज्यादा है. इनमें चाईबासा में 26.8 डिग्री, खूंटी में 25.5 डिग्री और सिमडेगा में 25.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

जरूरी काम से ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है

राहत की बात है कि नववर्ष की दस्तक के साथ तापमान में थोड़ा सुधार होने की संभावना जताई गई है. 31 दिसंबर से ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा होने की संभावना है. इसके बावजूद ठंड से बचाव के उपाय के साथ घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

Read more

Local News