पटना सहित बिहार में सर्द पछुआ हवा (Bihar Cold Wave) के कारण घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल यानी 1 जनवरी को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। 25 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दिन और रात में कनकनी महसूस होगी। राजगीर सबसे ठंडा रहा।
पटना। सर्द पछुआ हवा के कारण राज्य में घने कोहरे के साथ कनकनी का प्रभाव बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के Weather Forecast के अनुसार लोगों को नए वर्ष के दिन यानी एक जनवरी को कड़ाके की ठंड का सामना कर पड़ा सकता है।
बिहार के अधिसंख्य भाग घने कोहरे की चपेट में रहने के साथ कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को पटना सहित राज्य के 25 जिलों में घने कोहरा छाए रहने के साथ कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी। रविवार को जहानाबाद में भीषण Cold Day एवं अररिया के फारबिसगंज, गयाजी, बक्सर, औरंगाबाद एवं अरवल में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही
सोमवार को पटना सहित पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, छपरा, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहने की संभावना है। बर्फीली हवा के कारण दिन और रात कनकनी का असर बना रहेगा।
राज्य में सबसे ठंडा राजगीर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी में सुबह के समय सौ मीटर की दृश्यता एवं 50 मीटर के साथ गयाजी में सबसे कम दृश्यता दर्ज हुई।
राज्य का न्यूनतम तापमान 6.8-13.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। राज्य के छपरा, फारबिसगंज, बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज हुआ।
राजधानी का अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस एवं 18.7 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी सहित सासाराम, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, भागलपुर, सबौर, समस्तीपुर, जिरादेई, छपरा, किशनगंज आदि जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|---|
| भागलपुर | 17.2 | 10.2 |
| गया | 17.0 | 7.4 |
| पटना | 16.0 | 10.9 |
| मुजफ्फरपुर | 13.2 | 12.1 |


