स्नैक्स में बनाएं वेज कटलेट, जानें बनाने का आसान तरीका
न्यू ईयर पर आप भी स्पेशल स्नैक्स बनाने की सोच रहे हैं तो वेज कटलेट को बना सकते हैं. आइए इस आर्टिकल से जानते हैं वेज कटलेट को तैयार करने का तरीका
नए साल का जश्न स्वादिष्ट पकवान के बिना अधूरा होता है. इस खास मौके पर खाने में क्या बनाया जाए इसे लेकर घरवाले अपने पसंदीदा डिशेज की लिस्ट तैयार करने लगते हैं. कई लोग घर पर ही छोटी सी पार्टी भी करते हैं. नए साल पर कई तरह के स्नैक्स को भी तैयार किया जाता है. न्यू ईयर पर आप वेज कटलेट बना सकते हैं. ये बनाने में बहुत आसान है. इसे आप घर आए मेहमानों और घरवालों को सर्व करें.
वेज कटलेट बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
- आलू- 4 उबले हुए
- बीटरूट- 1
- गाजर- 1
- मटर- आधा कप उबले हुए
- प्याज- 1 (बारीक कटा हुआ)
- अदरक- 1 चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
- स्वीट कॉर्न- 2 बड़े चम्मच (उबले हुए)
- बीन्स- 3-4 (बारीक कटी हुई)
- ब्रेड क्रम्ब्स- 1 कप
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- धनिया पत्ती- 2 बड़े चम्मच (बारीक कटी हुई)
- लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
- गरम मसाला- आधा चम्मच
- चाट मसाला- आधा चम्मच
- मैदा- 2 बड़े चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- तेल- जरूरत के अनुसार
वेज कटलेट को कैसे तैयार करें?
- वेज कटलेट बनाने के लिए सबसे पहले आप कड़ाही को गर्म करें. इसमें आप हरी मिर्च, अदरक और प्याज को डाल दें और भूनें.
- अब आप इसमें बीन्स, कद्दूकस किया हुआ गाजर और कद्दूकस किया हुआ बीटरूट को डालकर थोड़ी देर पका लें. इसके बाद आप इसमें उबले हुए मटर और स्वीट कॉर्न को डालकर अच्छे से मिला लें. फिर आप उबले हुए आलू को मैश करके डाल दें और थोड़ी देर पका लें.
- अब आप नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और चाट मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद आप बारीक कटी धनिया पत्ती को डाल दें. मिश्रण को ठंडा होने दें.
- अब आप एक कटोरे में मैदा को लें और थोड़ा पानी डालकर घोल तैयार कर लें.
- इसके बाद आप मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से को लें और इसे आप गोल करके चिपटा कर लें. इसे आप मैदा के घोल में डालें और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें.
- कड़ाही में तेल गर्म करें और कटलेट को तेल में डालकर फ्राई कर लें. इस तरह से आप वेज कटलेट को तैयार कर सकते हैं. तैयार वेज कटलेट को आप घरवालों और गेस्ट को सर्व करें.


