Saturday, March 28, 2026

क्रिसमस के मौके पर राज्य में मंईयां सम्मान योजना की नवंबर महीने की किस्त जारी हो गई.

Share

रांचीः झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों के लिए खुशखबरी है. क्रिसमस त्यौहार को देखते हुए जिला स्तर से लाभुकों के खाते में नवंबर माह की किस्त ट्रांसफर होने लगी है. ज्यादातर जिलों से नवंबर माह के किस्त के 2500 रु. आधार सीडिंग से भेज दिए गए हैं. अब सिर्फ दिसंबर माह की किस्त बकाया है. इसको भी जारी करने की तैयारी कर ली गई है.

निदेशालय के मुताबिक राज्य के 24 में से 20 जिलों में 23 दिसंबर से राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी. सिर्फ देवघर, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में कुछ वजहों से विलंब हो रहा था. वहां भी 24 दिसंबर की शाम से राशि ट्रांसफर करने की कवायद शुरू हो गई है. भरोसा दिलाया गया है कि 25 दिसंबर तक इन चारों जिलों के लाभुकों के खाते में नवंबर माह की किस्त चली जाएगी.

सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक विजय कुमार के मुताबिक फरवरी, 2026 तक की राशि पड़ी हुई है. लिहाजा, किस्त को जारी करने में कहीं कोई अड़चन नहीं है. इस बार क्रिसमस त्यौहार को देखते हुए नवंबर माह की किस्त जारी की जा रही है. दिसंबर माह की किस्त जनवरी, 2026 में सोहराय और टुसू पर्व को देखते हुए जारी करने की तैयारी है ताकि त्यौहार की खुशियों में चार चांद लग सके.

रांची जिला प्रशासन ने लाभुकों की लिस्ट भी जारी कर दी है. रांची जिला की 3 लाख 93 हजार 84 लाभुकों के खाते में आधार बेस्ड भुगतान के तहत 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार की राशि का भुगतान कर दिया गया है.

बता दें कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के लिए 13,363 करोड़ 35 लाख रु. का बजटीय उपबंध किया था. इसके अलावा दिसंबर 2025 में शीतकालीन सत्र के दौरान राज्य सरकार ने 7,721.25 करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया था, जिसमें सबसे अधिक 2,082 करोड़ रुपये राशि का प्रावधान महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए किया गया है ताकि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के संचालन पर कोई असर ना पड़े.

इस योजना का संचालन अगस्त 2024 से किया जा रहा है. शुरुआत में अगस्त से दिसंबर 2024 तक लाभुकों के खाते में 1000 रु ट्रांसफर किए जा रहे थे. लेकिन पिछले चुनाव के वक्त वादे के मुताबिक सत्ता में आने के बाद हेमंत सरकार ने जनवरी 2025 से प्रति लाभुक 2,500 रु. ट्रांसफर करना शुरू किया है जो लगातार जारी है. होली के समय एक साथ तीन माह की किस्त के रूप में प्रति लाभुक को 7,500 रु दिए गये थे. फिलहाल नवंबर और दिसंबर की किस्त बकाया हो गई थी, लेकिन नवंबर माह की किस्त जारी की जा चुकी है.

Read more

Local News