पलामू: गढ़वा एवं पलामू में अब हर साल सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. पलामू में इस साल सांसद खेल महोत्सव का आयोजन हुआ था, जिसमें 12 हजार 200 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जबकि 4052 खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया. सांसद खेल महोत्सव में फुटबॉल, मैराथन दौड़, कबड्डी, खोखो, गदका समेत कई इवेंट आयोजित किए गए.
सांसद विष्णु दयाल राम के मुताबिक, सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से पलामू एवं गढ़वा के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल की प्रतिभा को निखारने का प्रयास है. खेल महोत्सव को लेकर पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी
खेल महोत्सव में सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि स्वयं सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया. हर साल खेल महोत्सव का आयोजन किया जाना है. खेल महोत्सव के आयोजन में कई खेल संघ ने मदद की, जबकि कई संघ की तरफ से निराशा हाथ लगी है. पलामू संसदीय क्षेत्र में खेल की प्रतिभा को निखारने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के मौके पर खेल महोत्सव में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा और उनके हौसलों को बढ़ाया जाएगा: विष्णु दयाल राम, सांसद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऑनलाइन जुड़ेंगे. यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें प्रधानमंत्री, खेल प्रतिभागियों से बात भी कर सकते हैं. प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बीजेपी जिला अध्यक्ष अमित तिवारी एवं मीडिया प्रभारी शिवकुमार मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे.


