Thursday, March 26, 2026

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में सांगठनिक बैठक हुई.

Share

रांचीः भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में सांगठनिक बैठक हुई. अटल जन्म शताब्दी वर्ष को बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने का निर्णय बैठक में लिया गया.

बैठक में हुए निर्णय की जानकारी देते हुए पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अटल जन्म शताब्दी वर्ष को बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर को सभी स्थानों पर अटल जी की प्रतिमा की सफाई की जाएगी और शाम को दीपोत्सव मनाया जाएगा

आगामी 25 से 31 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही सभी जिलों में सात दिनों तक अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चित्र प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम की प्रदेश टोली में संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, सह संयोजक अनंत ओझा, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, रमाकांत महतो, अविनेश कुमार शामिल हैं.

भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी राम विरोधी, विकसित भारत विरोधी पार्टी है. कांग्रेस को घुसपैठियों से प्रेम है लेकिन भारत की जनता से नहीं. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने मोदी सरकार द्वारा जी राम जी योजना पर कांग्रेस की बयानबाजी को उनकी बौखलाहट करार दिया.

उन्होंने कहा कि हर गरीब को रोजगार मिले, उसकी गरिमा और सम्मान बढ़े इसके लिए जी राम जी योजना को लाया गया है. उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप ग्रामीण विकास का नया ढांचा तैयार करना है. यह योजना पूरी तरह से महात्मा गांधी जी की भावनाओं के अनुरूप राम राज्य की स्थापना के लिए है.

उन्होंने कहा कि रोजगार योजना का नाम पहले से महात्मा गांधी के नाम पर नहीं था. 1980 में श्रीमती इंदिरा गांधी ने सभी पुराने रोजगार योजनाओं को मिलाकर राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम बनाए थे, राजीव गांधी ने इसे जवाहर रोजगार योजना में बदला बाद में मनमोहन सरकार ने इसे नरेगा और मनरेगा में परिवर्तित किया.

कांग्रेस पार्टी बताए क्या नाम बदलकर कांग्रेस ने जवाहर लाल नेहरू का अपमान किया था. उन्होंने कहा कि यह नाम बदलने की योजना नहीं है बल्कि ग्रामीण भारत की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप बनाई गई योजना है. 2005 की तुलना में आज के ग्रामीण भारत की आवश्यकताएं बदली हैं. उन्होंने कहा कि मनरेगा के सरकारी आंकड़े बताते हैं कि अबतक इस योजना में 11.74 लाख करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं, जिसमें अधिकांश राशि घोटाले और बिचौलियों में बंट गए. गरीब के हाथ खाली रहे.

बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग,प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा,मनोज कुमार सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.

Read more

Local News