Friday, March 27, 2026

उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Share

उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से धान अधिप्राप्ति और विभागीय योजनाओं की जानकारी देने वाले जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

यह रथ खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत चल रहे धान खरीद अभियान की जानकारी किसानों तक पहुंचाएगा. धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू हो गई है.

किसानों को केंद्र सरकार के एमएसपी ₹2369 प्रति क्विंटल के साथ राज्य सरकार की ओर से ₹81 प्रति क्विंटल का बोनस दिया जा रहा है. इस तरह किसानों को कुल ₹2450 प्रति क्विंटल का भुगतान एकमुश्त और समय पर किया जाएगा.

उपायुक्त ने बताया कि रांची जिले में धान खरीद के लिए कुल 43 अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं. किसान ई-उपार्जन मोबाइल ऐप के जरिए खुद पंजीकरण कर सकते हैं, स्लॉट बुक कर सकते हैं और भुगतान की स्थिति भी देख सकते हैं. सभी केंद्रों पर 4G ई-पॉस मशीन से बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है, ताकि लेन-देन सुरक्षित रहे.

जागरुकता रथ के माध्यम से धान खरीद के साथ-साथ पीडीएस, राशन कार्ड, खाद्य सुरक्षा योजना और उपभोक्ता अधिकार जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी.

उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपना धान सीधे सरकारी अधिप्राप्ति केंद्रों पर बेचें, ताकि उन्हें एमएसपी और बोनस का पूरा लाभ मिल सके और बिचौलियों से बचा जा सके.

Read more

Local News