बोकारो: सेल बोकारो स्टील के द्वारा हैप्पी स्ट्रीट के चौथे संस्करण की शुरुआत रविवार से की गई. यह कार्यक्रम 4 जनवरी तक जारी रहेगा. इस हैप्पी स्ट्रीट का उद्घाटन डायरेक्टर इंचार्ज राउरकेला स्टील प्लांट सह प्रभारी डीआई बोकारो स्टील आलोक वर्मा और डीसी अजय नाथ झा ने संयुक्त रूप से किया.
इस हैप्पी स्ट्रीट में सुबह-सुबह भारी भीड़ देखी गई. हैप्पी स्ट्रीट में संगीत, खेल, स्ट्रीट फूड और स्वास्थ्य संबंधी कैंप का समावेश नजर आया. हैप्पी स्ट्रीट में आए लोगों ने इसे बोकारो के लिए एक बेहतर प्रयास बताया. हैप्पी स्ट्रीट घूमने आई महिलाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में सुबह-सुबह लोग सड़कों पर नजर नहीं आते हैं. लेकिन आज हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर नजर आ रहे हैं. इसके साथ ही लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर भी सचेत हो रहे हैं.
तनाव दूर करने का बेहतर तरीका: डीसी
हैप्पी स्ट्रीट को लेकर प्रभारी डायरेक्टर इंचार्ज आलोक वर्मा और उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह बेहतर स्वास्थ्य के लिए किया गया है. डीसी ने कहा कि तनाव तो सभी के जीवन में है. लेकिन इस तनाव से निकलने का यह एक उचित माध्यम है. उन्होंने कहा कि शहर का मतलब सिर्फ बिल्डिंग ही नहीं होता है. एक पॉजिटिव वाइब्रेशन होना चाहिए. वर्धमान से आए एक व्यक्ति ने कहा कि इस तरह का आयोजन मैंने पहली बार देखा है. आयोजन इतना अच्छा है कि सुबह से ही लोगों का जमावड़ा यहां लगा हुआ है.
डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम 2022 से ही हो रहा है, जो काफी अच्छा आयोजन है. आयोजन में आए लोगों की संख्या इसकी सफलता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह का आयोजन होता रहेगा. स्वास्थ्य सुविधा को लेकर बेहतर बोकारो बनाने के लिए इस तरह का आयोजन जरूरी है.


