साहिबगंज: सिदो कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के सभी प्रशिक्षु राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे. स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. यह प्रतियोगिता 13 से 17 दिसंबर 2025 तक गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होगी, जिसमें साहिबगंज जिले के 6 ट्रेनी भाग लेंगे.
ये एथलीट प्लस टू राजस्थान हाई स्कूल, साहिबगंज के छात्र हैं, जो कोच योगेश यादव के अंडर ट्रेनिंग लेते हैं. ये सभी खिलाड़ी बोकारो के चंदनक्यारी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल, रांची द्वारा आयोजित 20-दिवसीय विशेष ट्रेनिंग कैंप में भाग लेने के बाद लखनऊ पहुंचे हैं.
प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, उनमें पृथ्वीराज मंडल (जेवलिन थ्रो), परमा हांसदा (4 गुणा 100 मीटर रिले), एमानुएल किस्कू (110 मीटर हर्डल्स एवं 4 गुणा 100 मीटर रिले), प्रेम चंद मुर्मू (हैमर थ्रो), जमशेद अंसारी (5000 मीटर पैदल चाल) और कृष्ण कुमार (4 गुणा 400 मीटर रिले) हैं, जो राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे.
वहीं, उपायुक्त हेमंत सती, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आई टीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा, जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष समेत जिले के खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों एवं इनके कोच योगेश यादव को शुभकामनाएं दी.


