Friday, March 27, 2026

हजारीबाग में अब तक प्रशासन की तरफ से गरीबों के बीच कंबल का वितरण नहीं किया गया है.

Share

हजारीबाग: जिले में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है. शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी गरीब लोगों को हो रहा है, जो ठंड में भी बाहर रात गुजारने को मजबूर हैं. ठंड चरम सीमा पर है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कंबल बांटने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. ऐसे में लोगों को इंतजार है कि जल्द से जल्द कंबल उन्हें मिले. ताकि ठंड से थोड़ी राहत मिल सकें.

हजारीबाग में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है. यहां पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. ठंड में सबसे अधिक गरीबों को परेशानी हो रही है. खासकर मजदूरों और रिक्शा चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. हजारीबाग में ठंड पड़ने के बावजूद प्रशासन की ओर से इस बार अब तक कंबल का वितरण नहीं किया गया है. इस कारण गरीबों को परेशानी हो रही है.

बहुत जल्द जरूरतमंदों को मिलेगा कंबल: उपायुक्त

आमतौर पर सरकार नवंबर महीने से ही कंबल वितरण का काम शुरू कर देती है. लेकिन इस बार कंबल जिला प्रशासन उपलब्ध नहीं करा पाया है. हजारीबाग उपायुक्त ने बताया कि कंबल के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. बहुत जल्द जरूरतमंद को कंबल मिल पाएगा. वहीं उन्होंने यह भी बताया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में अलाव जलाने की व्यवस्था करने का आदेश निर्गत किया गया है. शहरी क्षेत्र में भी अलाव की व्यवस्था की जा रही है. जिससे गरीब लोगों को राहत मिल सकें. हजारीबाग में इस बार 48386 कंबल के लिए टेंडर किया जा रहा है.

प्रशासन को पहले से कंबल की व्यवस्था करनी चाहिए: समाजसेवी

हजारीबाग के समाजसेवी गणेश कुमार सीटू कहते हैं कि हजारीबाग में जिस तरह से ठंड पड़ रहा है, जिला प्रशासन को कंबल की व्यवस्था पहले करनी चाहिए. 25 दिसंबर से दिन भी बड़ा होने लगता है. ठंड समाप्त होने के बाद कंबल मिलेगा तो इसका कोई औचित्य भी नहीं है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से हजारीबाग में पिछले 1 सप्ताह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, ऐसे में फुटपाथ के किनारे जीवन बिताने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में जिला प्रशासन जल्द से जल्द कंबल की व्यवस्था करें, जिससे जरूरत मंद को राहत मिल सकें.

Table of contents [hide]

Read more

Local News