रांचीः राजधानी रांची का जिला स्कूल मैदान एक बार फिर दुर्लभ पुस्तकों से गुलजार होगा. झारखंड की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक नगरी रांची के जिला स्कूल मैदान में 10 दिवसीय राष्ट्रीय पुस्तक मेला 26 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी, 2026 तक लगेगा.
यह पुस्तक मेला पुस्तक प्रेमियों के लिए खूबसूरत किताबों की दुनिया लेकर हाजिर होगा जहां एक ही छत के नीचे हर आयु वर्ग के पाठकों के लिए हिन्दी, अंग्रेजी एवं स्थानीय भाषाओं की बेहतरीन पुस्तकें उपलब्ध होंगी. समय इंडिया नई दिल्ली के द्वारा यह पुस्तक मेला आयोजित होगा जो हर दिन प्रात: 11 बजे से रात्रि 7:30 बजे तक पुस्तक प्रेमियों के लिए खुला रहेगा.
राष्ट्रीय पुस्तक मेला की जानकारी समय इंडिया के प्रबंध न्यासी चन्द्र भूषण ने देते हुए कहा कि झारखंड में पुस्तक मेला लगने का सिलसिला समय इंडिया एवं उसकी सहयोगी संस्था पुस्तक मेला समिति की ओर से वर्ष 2003 से शुरू हुआ. 2009 से संस्था ने प्रत्येक वर्ष यहां के पुस्तक प्रेमियों की किताबों के प्रति गहरे अनुराग भाव को देखते हुए पुस्तक मेले का आयोजन जारी रखा. 2017 के बाद 2023, 2024 एवं 2025 में किताबें रांची और आसपास के पुस्तक प्रेमियों के बीच आईं. यहां के पाठकों के लिए संस्था की ओर से नई एवं पुरानी पुस्तकों का अनूठा उपहार होगा. पुस्तक प्रेमी किताबें उपहार में अपने प्रिय जनों को देकर नए वर्ष का स्वागत कर सकेंगे.यह संस्था की ओर से उनके लिए सुखद भेंट होगी.
पुस्तक मेला में भाग लेंगे देश के प्रमुख प्रकाशन
इस बार पुस्तक मेले में देश के नामचीन प्रकाशक शामिल होने जा रहें हैं.जानकारी के मुताबिक जिन प्रकाशकों एवं पुस्तक विक्रेताओं की स्वीकृति मिल चुकी है. उनमें राजपाल एण्ड संस, प्रकाशन संस्थान, समय प्रकाशन, यश प्रकाशन, योगदा सत्संग सोसायटी ऑफ इंडिया, क्राउन पब्लिकेशन, झारखंड झरोखा, गीता प्रेस, श्री कबीर ज्ञान प्रकाशन केन्द्र, बोधकृति प्रकाशन, त्रिदेव बुक कलेक्शन, सस्ता साहित्य मण्डल, उपकार प्रकाशन आदि प्रमुख हैं.इसके अतिरिक्त वाणी प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, राधाकृष्ण प्रकाशन, पुस्तक महल, मनोज पब्लिकेशन, किताब घर की पुस्तकें भी पुस्तक प्रेमियों के लिए उपलब्ध रहेंगी. इस मेले में भारतीय मण्डप एक ऐसा अनूठा स्टॉल बनाया जा रहा है जिस पर अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें पाठकों के आकर्षण का केन्द्र होंगी. यहां बेस्ट सेलर सीरिज़ की पुस्तकें आप खरीद सकेंगे.
बच्चों पर केन्द्रित होंगे नि:शुल्क कार्यक्रम
पुस्तक मेला के दौरान स्कूली बच्चों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम रखे गए . जिनमें कविता–कहानी सुनाओ प्रतियोगिता, बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों की गायन प्रतियोगिता, बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता, देशभक्ति गीत, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आदि प्रमुख हैं. यह सभी प्रतियोगिताएं नि:शुल्क होंगी.
आयोजक ने ऐसे सभी स्कूलों एवं वैयक्तिक संस्थाओं से अनुरोध किया है कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए बच्चों को प्रेरित करें. मेले में साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसमें स्थानीय लेखकों से संवाद, चर्चा का अवसर पाठकों को मिलेगा. प्रतिदिन पुस्तकों का लोकार्पण कार्यक्रम भी चलेगा साथ ही कवि सम्मेलन एवं कवयित्री सम्मेलन भी होंगे.


