Saturday, March 28, 2026

हवाई यात्रा महंगी होने का सीधा असर अब रांची रेल मंडल की ट्रेनों पर दिखाई देने लगा है.

Share

इंडिगो क्राइसिस की वजह से हवाई यात्रा महंगी हो गई है. इसे देखते हुए लोग वैकल्पिक साधन की ओर देख रहे हैं.

रांची: हवाई यात्रा महंगी होने का सीधा असर अब रांची रेल मंडल की ट्रेनों पर दिखाई देने लगा है. हाल के महीनों में एयर किरायों में लगातार बढ़ोतरी के कारण लंबी दूरी के यात्रियों ने ट्रेन को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है. इसका नतीजा यह है कि रांची से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है और सीटें पहले के मुकाबले बहुत जल्दी भरने लगी हैं.

विशेषकर त्योहारों, छुट्टियों और पीक सीजन में अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो जाती है. जिससे कन्फर्म टिकट पाना यात्रियों के लिए चुनौती बन जाती है. ठीक वही हाल रांची रेल मंडल के टिकट तालिका में देखने को मिल रहा है. इन दिनों टिकटों के लिए मारामारी है. क्योंकि लोगों को टिकट मिल ही नहीं रही है और लगभग सभी ट्रेनें फुल चल रही है.

रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस, जनशताब्दी, हटिया–हावड़ा, रांची–दिल्ली, रांची–मुंबई समेत दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों में भी टिकटों की मारामारी है. कई प्रमुख रूट्स पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. पहले जहां यात्रा की योजना कुछ दिनों पहले बनाकर आसानी से टिकट मिल जाता था, वहीं अब टिकट बुकिंग के लिए यात्रियों को सप्ताह पहले तैयारी करनी पड़ रही है. एयर किराया बढ़ने से यात्रा खर्च बढ़ जाने के कारण बड़ी संख्या में यात्री किफायती विकल्प के रूप में रेल यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मान रहे हैं

रांची–दिल्ली, रांची–पटना और रांची–हावड़ा जैसे व्यस्त रूट्स पर भीड़ इतनी बढ़ गई है कि कई बार ट्रेनें फुल कैपेसिटी से भी अधिक बुक हो जाती हैं. यात्रियों का कहना है कि हवाई किराया बढ़ने के बाद रेल ही सबसे बेहतर विकल्प बचता है. लेकिन वेटिंग लिस्ट बढ़ जाने से यात्रा की योजना पर असर पड़ रहा है. कई यात्रियों को तत्काल टिकट के लिए इंतजार करना पड़ता है, जबकि कई बार अंतिम समय में भी टिकट कन्फर्म नहीं हो पाता.

यात्रियों की इस बढ़ती संख्या को देखते हुए माना जा रहा है कि रेलवे भविष्य में कुछ प्रमुख रूट्स पर अतिरिक्त फेरे लगाने या नई ट्रेनें शुरू करने पर विचार कर सकता है. अधिकारी बताते हैं कि ट्रेनें बढ़ाने का फैसला रेलवे बोर्ड स्तर पर लिया जाता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मांग बढ़ना अब साफ दिखने लगा है. त्योहारों के समय विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने पर भी विभाग गंभीरता से विचार करता है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके. हवाई यात्रा महंगी होने से रांची रेल मंडल पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है.

रेल की मांग में यह उछाल बताता है कि लोग अब किफायती और सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रेनों पर अधिक निर्भर हो रहे हैं. आने वाले समय में रेलवे को इस बढ़ती मांग के अनुसार अपनी सेवाओं को विस्तार और प्रबंधन के लिए कदम उठाने पड़ सकते हैं. रांची रेल मंडल के जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी एक्सप्रेस समेत अन्य कई प्रीमियम ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी है. रांची रेल मंडल में यात्रियों की परेशानी बढ़ी है, फिलहाल यह स्थिति बनी रहेगी.

Read more

Local News