झारखंड में मौसम उतार-चढ़ाव भरा रहा है. अब दिसंबर माह में सतर्क रहने की जरूरत है, थोड़ी सी लापरवाही बड़ी मुसीबत बन सकती है.
रांची: झारखंड में मौसम के लिहाज से पूरा नवंबर माह उतार चढ़ाव भरा रहा. कभी शीतलहर से सामना हुआ तो कभी न्यूनतम पारा में 2-3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ. अब दिसंबर का महीना शुरू हो गया है. सवाल है कि इस माह में ठंड का रुख कैसा रहने वाला है. मौसम केंद्र के मुताबिक ठंड को लेकर पैनिक होने की जरुरत नहीं है. लेकिन एक बात तय है कि 3 से 5 दिन तक शीतलहर चलने से थोड़ी परेशानी बढ़ सकती है. लिहाजा, दिसंबर माह में थोड़ी सी लापरवाही बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है.
मौसम में सतर्क रहने की जरूरत
मौसम केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक अगले चार दिनों में ज्यादातर जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. लेकिन ठंड की असली मार 15 दिसंबर के बाद शुरू हो सकती है. तब बर्फीली हवा की वजह से शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है जो 3 से 5 दिन तक असर डाल सकता है. इसका असर क्रिसमस और न्यू ईयर के त्यौहार पर पड़ सकता है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि मौसम में ऐसा कोई अप्रत्याशित बदलाव नहीं होगा, जो पैनिक होने का कारण बने.

रांची में 5 डिग्री तक जा सकता है न्यूनतम पारा
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक इस साल रांची का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इससे पहले 3 दिसंबर 2021 को रांची का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था. उन्होंने बताया कि इसको असामान्य स्थिति नहीं कहा जा सकता. आमतौर पर दिसंबर माह में कुछ समय के लिए पारा लुढ़कता है, जिसका ज्यादा असर रांची के ग्रामीण इलाकों जैसे, नामकुम, कांके, मैक्लुस्कीगंज, ओरमांझी जैसे इलाकों में देखने को मिलता है.
पिछले कुछ वर्षों में तापमान का हाल
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 19 दिसंबर 2020 को रांची का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री था. 22 दिसंबर 2021 को पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. 17 दिसंबर 2022 को पारा 8.5 डिग्री था. 17 दिसंबर 2023 को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री था. जबकि 15 दिसंबर 2024 को पारा 7.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था. लेकिन अनुमान जताया गया है कि इस साल दिसंबर माह में रांची का न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. ऐसे समय में स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
खूंटी में सबसे कम तापमान हुआ रिकॉर्ड
2 दिसंबर को सुबह 8.30 तक जारी रिपोर्ट के मुताबिक सबसे कम तापमान खूंटी में 9.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा सिर्फ गुमला जिला है, जहां का तापमान 10 डिग्री से नीचे 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. शेष सभी जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से 18.1 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ है. कोडरमा एकमात्र जिला है जहां का न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा है. वहीं शहरों के लिहाज से रांची का न्यूनतम पारा 12.7, जमशेदपुर का 13.2 और बोकारो का 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा है.


