धनबाद: महंगे अस्पतालों में इलाज करा पाने में असमर्थ रहने पर सरकारी अस्पतालों का रुख करनेवाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. 100 बेड का धनबाद सदर अस्पताल जल्द ही 150 बेड का अस्पताल हो जाएगा. साथ ही सदर अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज बनने के बाद बेड की संख्या बढ़कर 420 हो जाएगी. धनबाद पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है.
तीन दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे राज्य के विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने जिला सदर अस्पताल के निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि 16 करोड़ की लागत से धनबाद सदर अस्पताल कैंपस का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा. जिसमें कई भवन भी बनाए जाएंगे. जिसके बाद धनबाद सदर अस्पताल में डेढ़ सौ बेड की सुविधा हो जाएगी.
उन्होंने यह भी बताया कि धनबाद सदर अस्पताल कैंपस में ही पीपीपी मोड यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप में मेडिकल कॉलेज भी बनना है, जिसकी स्वीकृति भारत सरकार से मिल भी चुकी है और राज्य सरकार से इसकी स्वीकृति प्रक्रिया में है. मेडिकल कॉलेज बन जाने से पूरा अस्पताल 420 बेड का हो जाएगा.

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल कैंपस में निर्मित आदर्श कुपोषण उपचार केंद्र का भी उद्घाटन किया. साथ ही उन्होंने कुपोषण उपचार केंद्र के साथ-साथ सदर अस्पताल के विभिन्न विभागों का भी निरीक्षण किया. अपर मुख्य सचिव ने निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को संतोषजनक पाया. साथ ही उन्होंने धनबाद डीसी आदित्य रंजन के द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की.
बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने अपने दौरे में यह स्पष्ट कर दिया है कि अगले छह माह में सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिलेंगे.



