Wednesday, March 25, 2026

जेएसएससी ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया है.

Share

रांची: शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के बेहोश होने और उनकी मौत के बाद सुर्खियों में आया झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का परिणाम झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने जारी कर दिया है. आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी शारीरिक दक्षता परीक्षण में कुल 1,48,054 विद्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है. इसके अलावे 84 विद्यार्थियों का परीक्षाफल लंबित रखा गया है.

  • झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 22 अगस्त से 20 सितंबर 2024 तक राज्य के साथ विभिन्न चयन पर्षद केंद्र पर शारीरिक दक्षता परीक्षण का आयोजन किया था. इसके बाद आयोग को प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर शारीरिक दक्षता परीक्षण में उतीर्ण अभ्यर्थियों के पंजीयन संख्या को आयोग ने जारी कर दिया है. इस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर जारी पंजीयन संख्या को देख सकते हैं.

आयोग के द्वारा इन अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आगामी 90 दिनों के अंदर आयोजित करने की घोषणा की गई है. साथ ही इस सूची के संबंध में अभ्यर्थियों से लिखित आवेदन 12 दिसंबर 2025 तक मांगे गए हैं. आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि इसके उपरांत प्राप्त आवेदन विचारणीय नहीं होगा.

झारखंड सरकार के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में उत्पाद सिपाही के 583 पदों पर भर्ती के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जून 2023 में आवेदन आमंत्रित किए थे. कुल 583 पदों में अनारक्षित के लिए 237 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 148 पद, अनुसूचित जाति से 57 पद, ओबीसी 1 के लिए 50 पद, ओबीसी टू के लिए 32 पद और ईडब्ल्यूएस के लिए 59 पद शामिल हैं.

इस नियुक्ति परीक्षा में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया 3 चरणों में पूरी होगी. पहला चरण शारीरिक दक्षता का है जो पूरी कर ली गई है. दूसरा चरण लिखित परीक्षा का है और तीसरा चरण मेडिकल टेस्ट का होगा. फिजिकल टेस्ट का कोई अंक मेरिट लिस्ट में नहीं जोड़ा जायेगा. यह क्वालीफाइंग है.

वहीं लिखित परीक्षा में वैसे उम्मीदवार शामिल होंगे जो फिजिकल टेस्ट में पास किए हैं, लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी. लिखित परीक्षा में 3 पेपर होंगे. प्रत्येक पेपर 2 घंटे की होगी. तीनों ही पेपर में प्रत्येक प्रश्न 3 अंक के होंगे, सही उत्तर के लिए 3 अंक मिलेंगे और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 अंक काटे जाएंगे. तीनों पेपर में वस्तुनिष्ठ और बहुवैकल्पिक उत्तर होंगे.

पहला पेपर भाषा का होगा, जिसमें हिंदी से 80 प्रश्न और अंग्रेजी से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे. इस तरह कुल प्रश्नों की संख्या 120 होगी. इस परीक्षा में पास होने के लिए 30 फीसदी अंक होना जरूरी है. दूसरा पेपर क्षेत्रीय और जनजातीय भाषा का होगा. इस पेपर में पास करने के लिए 30 फीसदी न्यूनतम अंक लाना होगा. तीसरा पेपर भी 120 प्रश्नों का होगा, इसमें सामान्य अध्ययन से 40 प्रश्न, झारखंड राज्य से संबंधित 50 प्रश्न, सामान्य विज्ञान से संबंधित 20 प्रश्न, सामान्य ज्ञान से संबंधित 10 प्रश्न होंगे. इस पेपर में भी पास करने के लिए 30 फीसदी अंक जरूरी होगा.

Read more

Local News