Monday, April 6, 2026

झारखंड में ठंड बढ़ती जा रही है,राज्य के कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं.

Share

रांची:25 नवंबर 2025 को झारखंड का सबसे ठंड जिला खूंटी रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6.8℃ रिकॉर्ड हुआ है. वहीं सूबे का अधिकतम तापमान गोड्डा जिले में 29.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर से आ रही सर्द ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य में कनकनी बढ़ी है और ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी से लोगों को ठंड का अहसास अधिक हो रहा है.

आज जिन जिले या बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ उसमें रांची का न्यूनतम तापमान 9.2℃, डाल्टनगंज का न्यूनतम तापमान 8.2℃, बोकारो का न्यूनतम तापमान 9.1℃, गुमला का न्यूनतम तापमान 7℃, हजारीबाग का न्यूनतम तापमान 7.8℃, लातेहार का न्यूनतम तापमान 9.5℃, लोहरदगा का न्यूनतम 7.4℃, सिमडेगा का 7.2℃ रिकॉर्ड किया गया है.

मौसम केंद्र रांची से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 27 नवंबर 2025 से लेकर 2 दिसंबर 2025 तक की सुबह में कोहरा या धुंध के बाद आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं. मौसम केंद्र रांची के अनुसार राज्य में अगले 12 से 18 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा. उसके बाद न्यूनतम तापमान में 02 से 04 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी.

शीतलहर से बचने के लिए जारी किए गए सुझाव

राज्य के कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जहां सभी सिविल सर्जनों को शीतलहर से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर लेने के निर्देश दिए हैं, वहीं जन सामान्य के लिए भी सुझाव और सलाह जारी किए हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आम लोगों के लिए सलाह में यह कहा गया है कि अलग-अलग जिलों में रहने वाले लोग स्थानीय मौसम पूर्वानुमान की जानकारी समय-समय पर लेते रहे और शीतलहर की स्थिति में पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े पहनें, बीमार होने की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं.

Table of contents [hide]

Read more

Local News