पलामू: डीसी के जनता दरबार को पलामू के अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. दरअसल एक ही शख्स कई बार अपनी फरियाद लेकर डीसी के जनता दरबार में पहुंच रहा है. स्थिति को देखते हुए पलामू डीसी समीरा एस ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इस पूरे मामले में डीडीसी जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अधिकारियों को मिलाकर एक जांच समिति गठित की गई है. जांच समिति गठित होने के मामले की पुष्टि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तरफ से की गई है.
- जांच समिति, डीसी के जनता दरबार के मामले को लेकर जांच करेगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करेगी. समिति यह भी जांच करेगी कि किन परिस्थितियों में लोगों की समस्याओं का समाधान अधिकारी नहीं कर रहे हैं? पलामू डीसी हर बुधवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार लगाती हैं. जनता दरबार में पूरे जिले से लोग, अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं. इसी कड़ी में बुधवार को भी कई लोग जनता दरबार में अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे.
पलामू डीसी ने दिए जांच के निर्देश
कई लोग तीसरी से चौथी बार डीसी के जनता दरबार में अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे. जनता दरबार में लगातार एक ही विभाग से एक ही शिकायत लगातार चौथी बार डीसी के पास पहुंची थी. जिसके बाद डीसी समीरा एस ने जांच के निर्देश दिये हैं. दरअसल, बुधवार को जनता दरबार में पलामू के कई इलाके से लोग पहुंचे थे और अपनी समस्याओं को डीसी के समक्ष रखा था.


