Wednesday, March 25, 2026

 रामगढ़ टाइगर रिजर्व के टाइगर हिल क्षेत्र में 6 विदेशी सैलानियों से भरी सफारी जिप्सी मंगलवार शाम अचानक पंचर हो गई.

Share

बाघिन के मूवमेंट वाले जोन में गाड़ी खराब. जिप्सी में टूल बॉक्स तक नहीं होना बड़ी लापरवाही.

बूंदी: रामगढ़ टाइगर रिजर्व के टाइगर हिल क्षेत्र में 6 विदेशी सैलानियों से भरी सफारी जिप्सी मंगलवार शाम अचानक पंचर हो गई. आरवीटी-8 बाघिन के मूवमेंट वाले जोन में गाड़ी के खराब होने से सैलानियों और वन विभाग प्रशासन में हड़कंप मच गया. पर्यटक करीब आधा घंटे जंगल में फंसे रहे. गनीमत रही कि उस समय बाघिन या अन्य वन्यजीवों का मूवमेंट नहीं हुआ. सूचना मिलते ही रेंजर सुमित कनौजिया ने राहत वाहन भेजकर विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला.

बूंदी रेंजर सुमित कनौजिया ने सफारी वाहन खराब होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि जिप्सी चालक की घोर लापरवाही सामने आई है. ड्राइवर के पास टूल बॉक्स नहीं था. रेंजर के वाहन से पर्यटकों को जंगल से सुरक्षित निकाला गया. बेल्जियम के 6 पर्यटक जिप्सी से दोपहर में जंगल सफारी पर निकले. टाइगर हिल क्षेत्र में जिप्सी का टायर पंचर हो गया. यह वही इलाका है जहां महीनों से बाघिन आरवीटी-8 का मूवमेंट देखा जा रहा है. ऐसे में पर्यटक घबरा गए. वाहन में टूल बॉक्स नहीं था तो जिप्सी को ठीक भी नहीं किया जा सकता था. जंगल में अचानक वाहन रुकने से ना केवल सैलानी घबराए बल्कि गाइड और चालक चिंतित हो गए. फिर रेंजर ने पर्यटकों को वहां से लाने के लिए टीम भेजी. इस दौरान आधा घंटे सैलानी टाइगर हिल क्षेत्र में खड़े रहे.

इधर, रामगढ़ टाइगर फाउंडेशन के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह हाड़ा ने बताया कि गाइड ने मदद के लिए उन्हें कॉल किया और हमने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया. सौभाग्य से बाघिन आरवीटी-8 और अन्य वन्यजीवों का मूवमेंट इस तरफ नहीं था. बाघिन हाल में टेरेटरी के लिए लगातार इसी क्षेत्र में मूव करती रही है. हाड़ा ने कहा कि जंगल में उसी जिप्सी को प्रवेश देना चाहिए, जो पूरी तरह फिट हो.

Read more

Local News