पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक हुमायूं कबीर द्वारा मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने की घोषणा के बाद इसका विरोध तेज होता जा रहा है. योग गुरु स्वामी रामदेव ने हुमायूं कबीर के घोषणा की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि गुलामी की निशानियां मिटनीं चाहिए.
टीएमसी विधायक के बयान पर भड़के स्वामी रामदेव: योगगुरु स्वामी रामदेव ने पश्चिम बंगाल के टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करने वाले बयान पर पलटवार किया है. योग गुरु ने कहा कि बाबर एक आक्रांता था. आक्रांताओं की हर निशानी मिटनी चाहिए. बता दें कि अभी हाल ही में पश्चिम बंगाल में टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने एक कार्यक्रम में एलान किया है कि वे 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करेंगे.
स्वामी रामदेव ने कहा बाबर को इस देश में पूजा नहीं जा सकता: तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर के इस ऐलान के बाद से देश की राजनीति गरमा गई है. इसको लेकर भाजपा ने भी टीएमसी पर चुनावी लाभ के लिए सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाया है. योगगुरु स्वामी रामदेव ने तो इस पर आक्रामक बयान दिया और कहा कि बाबर को देश में पूजा नहीं जा सकता.
हरिद्वार में गुरुकुल आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष और महर्षि दयानंद सरस्वती की 200 वीं जयंती के अवसर पर गुरुकुल महाविद्यालय में आर्य समाज द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया और भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई. इस दौरान स्वामी रामदेव ने टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया.
योग गुरु ने कहा विदेशी आक्रांता महान नहीं हो सकते हैं: स्वामी रामदेव ने कहा कि विदेशी आक्रांता महान नहीं थे बल्कि भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद, महाराणा प्रताप और वीर शिवाजी के साथ ही ऋषि और वीरांगनाएं महान थे. हमें उनकी महानता के पाठ पढ़ने चाहिए. उन्होंने कहा कि सृष्टि के मूल सिद्धांतों को मानने वाला सनातन धर्म है और सृष्टि के सिद्धांतों से ही ब्रह्मांड चलता है. योग गुरु ने कहा कि ये सनातन का गौरव काल है, सनातन के जितने भी प्रतीक चिन्ह हैं, उन सबको सम्मान मिल रहा है, ये अच्छी बात है.
टीएमसी विधायक ने बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करने की घोषणा की है: दरअसल, टीएमसी के विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर जिस दिन अयोध्या में मूल बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ था, उसकी 33वीं बरसी पर मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखने की बात कही है. उनके इस बयान के बाद वो भाजपा के निशाने पर आ गए हैं. देशभर में उनके बयान की निंदा की जा रही है.


