Monday, April 6, 2026

न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने से लोगों को कुछ दिन ठंड से राहत मिलेगी.

Share

झारखंड में मौसम में बदलाव हुआ है. न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने से लोगों को कुछ दिन ठंड से राहत मिलेगी.

रांची: उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं का असर कम होने की वजह से झारखंड में लोगों को फिलहाल हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत मिल रही है. राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक, 25 नवंबर तक राज्य के किसी भी जिले में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है और मौसम ऐसा ही रहेगा.

मौसम विज्ञान केंद्र के सीनियर मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल के मुताबिक, 26 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान एक बार फिर धीरे-धीरे कम होगा. 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे कमी होने से लोगों को ठंड का एहसास होगा. उन्होंने बताया कि आज सबसे कम तापमान लोहरदगा जिले में दर्ज किया गया, जहां सुबह पारा 11.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया.

मौसम विज्ञान केंद्र से मिले आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा तापमान पाकुड़ जिले में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं आज सुबह रांची का न्यूनतम तापमान 13.4°C, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) का न्यूनतम तापमान 15.4°C, डाल्टनगंज (पलामू) का न्यूनतम तापमान 12°C, बोकारो का न्यूनतम तापमान 14.1°C, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) का न्यूनतम तापमान 15.5°C रहा.

आज बोकारो का न्यूनतम तापमान 14.2°C, देवघर का 14.3°C, पूर्वी सिंहभूम का 17.4°C, कोडरमा का 14.2°C, गोड्डा का 15.6°C, गुमला का 12°C, हजारीबाग का 12.1°C, खूंटी का 12.3°C, लातेहार का 12.7°C, पाकुड़ का 15.1°C, सिमडेगा का 12.5°C और पश्चिमी सिंहभूम का 13.9°C दर्ज किया गया.

तमिलनाडु के पास बने कम दबाव के असर से 28 नवंबर से झारखंड के कुछ जिलों में आंशिक या छिटपुट बादल बनने की संभावना है, लेकिन इस दौरान बारिश की संभावना न के बराबर है. इसके बावजूद मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी तैयार धान की फसल काटकर सुरक्षित जगह पर रखें, ताकि अगर बारिश भी हो तो फसल को नुकसान न हो.

Read more

Local News