Tuesday, April 7, 2026

रांची में सहकारिता सम्मेलन सह झारखंड नाबार्ड की स्थापना का रजत पर्व मनाया गया.

Share

रांची:झारखंड में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ( नाबार्ड) के 25 वर्ष पूरे होने और वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष मनाए जाने को लेकर आज रांची में सहकारिता सम्मेलन सह नाबार्ड झारखंड की स्थापना का रजत पर्व मनाया गया. झारखंड में नाबार्ड के 25 वर्ष पूरा होने पर रांची के होटल बीएनआर में आयोजित सहकारिता सम्मेलन में राज्य के कृषि, पशुपालन और सहकारिता सचिव अबु बकर सिद्दीकी,नाबार्ड की सीजीएम दीपमाला घोष, झारखंड के सहकारिता निदेशक शशिरंजन, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एससी दुबे, आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक सहित कई गणमान्य लोगों ने राज्य के विकास में नाबार्ड की भूमिका और सहकारिता पर विस्तृत चर्चा की.

राज्य के कृषि,पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी ने कहा कि नाबार्ड के झारखंड में आने के बाद राज्य के किसान अधिक मजबूत हुए हैं. उन्होंने कहा कि एग्रीकल्चर फिनांस का जब भी नाम आएगा उसमें नाबार्ड का नाम आएगा. राज्य के किसानों को आसानी से लोन देने के लिए नाबार्ड ने बेहतर कार्य किया है. राज्य में केसीसी लोन को 50 हजार से बढ़ाकर 2 लाख किए जाने पर सचिव ने कहा कि राज्य के किसानों के लिए ये सुविधा जल्द उपलब्ध होगी. इसपर बैंकर्स और किसानों से चर्चा की जा रही है.

वहीं नाबार्ड की CGM दीपमाला घोष ने कहा कि झारखंड में नाबार्ड की कई योजनाएं संयुक्त बिहार के समय से चल रही हैं. उन्होंने कहा कि वॉटर शेड की योजना एक ऐसी योजना है, जिसकी शुरुआत संयुक्त बिहार के समय हजारीबाग से की गई थी. नाबार्ड झारखंड की मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को कैसे आगे बढ़ाया जाए इसपर कार्य किए जा रहे हैं. वर्ल्ड लार्जेस्ट ग्रीन गोदाम बनाने की दिशा में झारखंड भी आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि 1500 पैक्स को कंप्यूटराइज्ड किया गया है और अगले चरण में 1300 और पैक्स को कंप्यूटराइज्ड किये जाने की योजना है.

झारखंड नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला ने कहा कि सहकारिता यानी को-ऑपरेटिव के फलक को बढ़ाने की योजना के तहत अब पैक्स-लैम्प्स को मल्टी पर्पस सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना पर नाबार्ड आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अब लैम्प्स- पैक्स में जनऔषधि केंद्र भी खोले जाएंगे. राज्य में सहकारिता विभाग द्वारा 72 स्थानों पर 2500 मीट्रिक टन का गोदाम बनाये जाने की योजना में नाबार्ड आर्थिक सहयोग करेगा.

10 पैक्स-लैम्प्स के अध्यक्ष-सीईओ को किया गया सम्मानित

नाबार्ड की रजत जयंती कार्यक्रम और सहकारिता सम्मेलन में राज्य के 10 सर्वश्रेष्ठ पैक्स-लैम्प्स को सम्मानित किया गया. आज जिन-जिन जिलों के पैक्स-लैम्प्स को सम्मानित किया गया उसमें लोहरदगा, चतरा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, सरायकेला खरसावां के लैम्प्स-पैक्स शामिल हैं.

Cooperative Conference In Ranchi

Table of contents [hide]

Read more

Local News