Tuesday, April 7, 2026

झारखंड की प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार को चाईबासा का दौरा किया.

Share

चाईबासा: झारखंड की प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा बुधवार को चाईबासा पहुंचीं. उनका हेलीकॉप्टर टाटा कॉलेज मैदान स्थित हेलीपैड में उतरा, जहां कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार, एसपी अमित रेणु और CRPF और कोबरा बटालियन के कमांडेंट सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने गुलदस्ता देकर स्वागत किया. उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया.

इसके बाद प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार पहुंची, जहां नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियानों की व्यापक समीक्षा की. बैठक में जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन के दौरान आने वाली चुनौतियों, समन्वय की जरूरत, फोर्स की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.


डीजीपी ने कहा कि ‘नक्सल-विरोधी अभियानों का संचालन फील्ड स्तर पर बेहद चुनौतीपूर्ण होता है. ऐसे अभियानों में पुलिस के साथ-साथ फॉरेस्ट विभाग और सिविल प्रशासन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है’. उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई बैठक में इन्हीं सब विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई है.

प्रभारी डीजीपी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अभियान और अधिक प्रभावी होंगे और नक्सल उन्मूलन की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे. नए दायित्व को लेकर उन्होंने कहा कि वो टीमवर्क में विश्वास रखती हैं, इसके साथ ही उन्होंने CRPF, कोबरा तथा राज्य पुलिस के अनुभवी अधिकारियों को प्रणाली की ताकत बताया. उनका मुख्य लक्ष्य है कि सभी अभियान सुचारू, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित हो.

Read more

Local News