Tuesday, April 7, 2026

धनबाद में व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया और आंदोलन की चेतावनी दी है.

Share

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कृषि बाजार समिति परिसर में 9 नवंबर की रात अपराधियों ने व्यवसायी श्याम भीमसरिया के साथ लूटपाट, छिनतई और मारपीट की घटना को अंजाम दिया था. जिसमें व्यवसायी घायल हो गए थे. दहशत फैलाने को लेकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की थी. घटना के लगभग 10 दिन बीत जाने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पाई है. जिससे पुलिस के प्रति व्यवसायियों में भारी आक्रोश है.

व्यवसायियों ने पुलिस से जल्द-जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग कर घटना के दूसरे दिन प्रदर्शन भी किया था. इस दौरान व्यवसायियों ने कहा कि पुलिस ने 48 घंटे के अंदर अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने में असफल है.

पुलिस की कार्यशैली से नाराज व्यवसायियों ने बाजार समिति परिसर में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया. सभी व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया.इस दौरान व्यवसायियों ने कहा कि उनके साथी व्यवसायी के साथ 9 नवंबर को लूटपाट और मारपीट की घटना हुई थी. घटना के 10 दिन बाद भी अपराधी को पुलिस नहीं गिरफ्तार कर पाई है. पुलिस अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करें, नहीं तो व्यवसायी चरणबद्ध आंदोलन करेंगे.

चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

व्यवसायियों ने कहा कि कृषि बाजार से महज 300 मीटर की दूरी पर तमाम प्रशासनिक अधिकारी चाहे वह डीसी हो या एसएसपी, सभी का कार्यालय है. पुलिस के नाक के नीचे अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया. 10 दिन घटना के बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं. प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन को जगाने का काम कर रहे हैं. अगर फिर भी पुलिस तत्पर नहीं होती तो चरणबद्ध आंदोलन करेंगे.

Businessman Protest In Dhanbad

Read more

Local News