पलामूः जिला के कई इलाके में नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़े हुए किंग भूपेंद्र चौधरी एवं उसके एक साथी को पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र चौधरी एवं उमेश कुमार चौधरी के पास से करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है.
दरअसल, पलामू पुलिस नेशनल हाईवे 39 पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. पुलिस को गांजा तस्करी से जुड़ी हुई सूचना भी मिली. इसी क्रम में एक स्कॉर्पियो नेशनल हाईवे से गुजर रही थी जिसे पुलिस ने रोका. स्कॉर्पियो के अंदर से पुलिस को करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ. पूछताछ के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि बिहार के औरंगाबाद से गांजा की खरीद की गई थी और पलामू के इलाके में इसका सप्लाई किया जाना था.
गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र चौधरी पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र जबकि उमेश कुमार चौधरी बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला है. भूपेंद्र चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है और पलामू के चैनपुर के इलाके में एफआईआर दर्ज है. पुलिस की छापेमारी अभियान में डीएसपी राजीव रंजन, सब इंस्पेक्टर चिंटू कुमार, एएसआई जितेन्द्र कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे.
दरअसल, कुछ दिन पहले पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र में नेटवर्क मार्केटिंग में गड़बड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज हुआ था. दर्ज एफआईआर में भूपेंद्र चौधरी का भी जिक्र है. सोमवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान युट्यूबर की पिटाई हुई थी. इस पिटाई बाद भूपेंद्र चौधरी के द्वारा एक वीडियो जारी किया गया था, इस वीडियो में चप्पल दिखाते हुए प्रशासनिक तंत्र एवं मीडिया को चैलेंज किया गया था.
इस कार्रवाई को लेकर पड़वा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र चौधरी एवं उसके साथी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, दोनों गांजा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं.


