Tuesday, April 7, 2026

गोड्डा पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Share

गोड्डा: पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. वहीं कुछ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने इनके पास से दो हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी. जिसके अनुसार 8 से 10 हथियारबंद अपराधी कुरमीचक गांव स्थित मरघट्टी के पास एक सुनसान जगह पर डकैती व लूटपाट जैसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

इस सूचना के सत्यापन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक छापेमारी दल का गठन कर भेजा गया. छापेमारी दल जब कुरमीचक गांव स्थित मरघट्टी के पास सुनसान खेत के बीच एक जर्जर भवन के पास पहुंचा तो उन्हें मोबाइल टॉर्च की रोशनी और बातचीत की आवाज सुनाई दी. इसके बाद छापेमारी टीम ने भवन को चारों तरफ से घेर लिया. पुलिस को देखकर अंदर बैठे आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर पांच लड़कों को पकड़ लिया. कुछ लड़के अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.


पकड़े गए अपराधियों की शिवम कुमार, उत्तम कुमार साह, सुमन कुमार पंडित, प्रदीप कुमार साह और गुलशन पंडित के रूप पहचान हुई है. तलाशी के दौरान शिवम कुमार के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई है. गुलशन पंडित के पास से भी एक लोडेड देसी कट्टा और एक स्मार्टफोन मिला. वहीं प्रदीप कुमार साह और उत्तम कुमार साह के पास से एक-एक स्मार्टफोन बरामद हुआ. घटनास्थल से दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है.

पुलिस की पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे सभी मिलकर डकैती की योजना बना रहे थे. उनके पास से बरामद सभी हथियार और गोलियां अवैध हैं. इस मामले में गोड्डा मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


पूरे मामले पर गोड्डा हैडक्वाटर डीएसपी जेपीएन चौधरी ने बताया कि बीती रात गोड्डा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि 8 से 10 की संख्या में कुछ अपराधी डकैती व लूटपाट की योजना बना रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और अपराधियों को दबोच लिया. छापेमारी दल में गोड्डा पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, पुलिस अवर निरक्षक मुकेश कुमार राउत, विकाश कुमार गुप्ता, राजेश रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Read more

Local News