Thursday, March 26, 2026

कोडरमा में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 20 से ज्य्यादा छात्राएं घायल हो गईं.

Share

कोडरमा: शैक्षणिक भ्रमण पर कोडरमा से राजगीर जा रही जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं से भरी बस कोडरमा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस घटना में बस में सवार चालक सहित लगभग 20 से अधिक छात्राएं घायल हो गई हैं.

घटना की जानकारी देते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल अमिताभ कुमार ने बताया कि विद्यालय के 11वीं कक्षा की 75 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के लिए विद्यालय से राजगीर जा रही थीं. इसी दौरान छात्राओं से भरी बस कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास एक ट्रक से ओवरटेक करने के क्रम में ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी. जिससे बस में सवार चालक सहित 21 छात्राएं घायल हो गईं.

घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोलिंग गाड़ी एम्बुलेंस को सूचना देते हुए, घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना में घायल छात्राओं को सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.

शैक्षणिक भ्रमण के लिए जा रही थीं छात्राएं

स्कूल के प्रिंसिपल अमिताभ कुमार ने बताया कि पीएम श्री के तहत हर वर्ष बच्चों को अलग-अलग जगहों पर शैक्षणिक भ्रमण के लिए ले जाया जाता है और ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद भ्रमण को रद्द कर दिया गया है और घायलों के अलावा सभी बच्चों को वापस विद्यालय भेज दिया गया है.

BUS ACCIDENT IN KODERMA

बस टकराने के बाद खाई में जा गिरी थी

घायल छात्रा सानिया कुमारी ने बताया कि वे लोग इस शैक्षणिक भ्रमण को लेकर काफी उत्साहित थे. वे लोग सुबह अपने विद्यालय से राजगीर के लिए बस में सवार होकर रवाना हुए. इसी दौरान घाटी में बस अचानक एक ट्रक से टकरा गई और खाई में जा गिरी.

छात्रा ने बताया कि जिस वक्त यह घटना घटी उस समय कुछ समझ नहीं आया. बस में सवार सभी छात्राएं चीखने-चिल्लाने लगीं. हालांकि इनके बस के आगे छात्रों से भरी बस भी चल रही थी. घटना की सूचना मिलने पर उक्त बस में सवार उनके सहयोगी छात्र व शिक्षक वहां पहुंचे और उन लोगों को सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया.

BUS ACCIDENT IN KODERMA

उपायुक्त सहित तमाम आला अधिकारियों ने घायल छात्राओं का हालचाल जाना

इधर घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त सहित तमाम आला अधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं का हालचाल जाना. उपायुक्त ऋतुराज ने घटना को लेकर दुख प्रकट करते हुए कहा कि कुछ बच्चियों को ज्यादा चोट लगी हैं. हालांकि अधिकतर छात्राओं को हल्की फुल्की चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के चिकित्सकों को बेहतर इलाज का निर्देश दिया गया है.

Read more

Local News