Thursday, March 26, 2026

आईएमडी ने 17 नवंबर तक 11 जिलों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है.

Share

झारखंड में ठंड बढ़ती नजर आ रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 नवंबर तक 11 जिलों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के रांची सहित 11 जिलों में 17 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, रांची और हजारीबाग में 14 नवंबर सुबह 8:30 बजे से 17 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक ‘येलो अलर्ट’ प्रभावी रहेगा.

न्यूनतम तापमान में होगी दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट

आईएमडी के रांची स्थित कार्यालय के उप-निदेशक और मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया, “इन 11 जिलों में अगले तीन दिनों के दौरानमें दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है.” उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जैसे उत्तर-पश्चिमी भागों के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया.

खूंटी में तापमान सात डिग्री सेल्सियस

खूंटी में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और इसके साथ ही राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा. वहीं डाल्टनगंज में 9.3 डिग्री सेल्सियस और रांची में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बुलेटिन में बताया गया कि जमशेदपुर में 12.6 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 9.7 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में दृश्यता प्रभावित होगी. आईएमडी ने साथ ही लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया.

Read more

Local News