नई दिल्ली: अपना आधार कार्ड हर जगह ले जाना अब अतीत की बात हो गई है. यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने एक नया आधार ऐप पेश किया है, जो यूजर्स को बेहतर प्राइवेसी और कंट्रोल के साथ अपने आधार को अपने स्मार्टफोन पर डिजिटल रूप से रखने की अनुमति देता है.
यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है, जो बेहतर सुरक्षा, आसान पहुंच और पेपरलेस सुविधा प्रदान करता है. यूजर्स अब अपने आधार को क्यूआर कोड के माध्यम से सुरक्षित रूप से साझा कर सकते हैं और यहां तक कि यह भी चुन सकते हैं कि वे कौन सी पर्सनल जानकारी साझा करना चाहते हैं. उदाहरण के लिए अगर केवल आपका नाम और फोटो आवश्यक है, तो आप अपना पता या डेट ऑफ बर्थ जैसी अन्य संवेदनशील जानकारी छिपा सकते हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में UIDAI ने कहा, “अपनी डिजिटल पहचान को ले जाने का एक स्मार्ट तरीका अनुभव करें! नया आधार ऐप. एडवांस सिक्योरिटी, आसान एक्सेस और पूरी तरह से पेपरलेस एक्सपीरियंस प्रदान करता है – कभी भी, कहीं भी.”
यूजर बॉयोमीट्रिक डेटा को लॉक अनलॉक कर सकता है
नया ऐप यूजर्स को अपने बायोमेट्रिक डेटा को लॉक या अनलॉक करने, यह ट्रैक करने की अनुमति देता है. साथ ही यह उनके आधार का उपयोग कहां और कब किया गया है और परिवार के कई सदस्यों के आधार कार्ड को एक ही स्थान पर स्टोर करने की भी सुविधा देता है – जिससे यह डिजिटल पहचान मैनेजमेंट के लिए वन-स्टॉप सोल्यूशन बन जाता है.
नया आधार ऐप कैसे डाउनलोड करें
यूजर प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ‘आधार’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं और आवश्यक अनुमतियां दे सकते हैं . साथ ही आप अपना आधार नंबर दर्ज कर सकते हैं. एक बार जब वे आधार से जुड़े अपने मोबाइल नंबर को वेरिफाई कर लेते हैं, तो ऐप पहचान की पुष्टि के लिए फेस ऑथेंटिकेशन के लिए पूछता है. सिक्योरिटी पिन सेट करने के बाद, ऐप उपयोग के लिए तैयार होता है.
इस लॉन्च के साथ UIDAI का लक्ष्य आधार के उपयोग को अधिक सुरक्षित, लचीला और यूजर फ्रेंडली बनाना है. इसका अलावा इसका मकसद लोगों को उनके व्यक्तिगत डेटा पर पूर्ण नियंत्रण देते हुए फिजिकस कार्ड की आवश्यकता को कम करना है.
मिलेगा शेयरिंग कंट्रोल
आप इस नए ऐप से ये भी तय कर सकेंगे कि आधार की कौन-सी जानकारी किस संस्था या व्यक्ति के साथ शेयर करना चाहते हैं और कौन-सी नहीं. जैसे कि आप किसी संस्था के साथ अपना नाम और फोटो शेयर करना चाहते हैं तो उनको बस यही जानकारी शेयर कर सकते हैं, जबकि अपना एड्रेस या डेट ऑफ बर्थ हाइड यानी छिपाकर रख सकते हैं.
फेस ऑथेंटिकेशन फीचर
इस नए ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन फीचर भी मिलेगा, जिसके जरिए आप अपने फेस को स्कैन करके आधार का वेरिफिकेशन कर सकते हैं. इस फीचर की चलते आपको वेरिफिकेशन के लिए OTP की जरूरत नहीं पड़ेगी.
फैमिली का आधार ट्री
इस ऐप में आप न केवल अपना आधार सिक्योर रख सकते हैं, बल्कि फैमिली के सारे सदस्यों के आधार स्टोर कर सकते हैं. इससे पूरे परिवार का आधार एक जगह, एक साथ, एक क्लिक पर इस्तेमाल किए उपलब्ध होगा.


