Thursday, March 26, 2026

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात दिल्ली के लोक नायक अस्पताल पहुंचे और लाल किले के पास हुए विस्फोट में घायल लोगों से मुलाकात की.

Share

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात दिल्ली के लोक नायक अस्पताल पहुंचे और लाल किले के पास हुए विस्फोट में घायल लोगों से मुलाकात की. अस्पताल से वह सीधे घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इससे पहले, अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और लोक नायक अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम के साथ बैठक की.

गृह मंत्री शाह ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सोमवार शाम लगभग 7 बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर हुंडई i20 कार में धमाका हुआ. जिसमें कुछ पैदल यात्री घायल हुए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए.

उन्होंने कहा कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है. आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं. मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से भी बात की है. दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी घटनास्थल पर मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि हम सभी एंगल पर विचार कर रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे. सभी विकल्पों की तुरंत जांच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे. गृह मंत्री शाह ने कहा कि वह शीघ्र ही घटनास्थल पर जाएंगे.

अधिकारियों के मुताबिक, लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए एक उच्च-तीव्रता वाले विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से ज्यादा घायल हुए हैं. जांच अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं.

चश्मदीदों ने बताया भयावह मंजर
चश्मदीदों ने बताया कि भीषण धमाके से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दुकानों और यहां तक कि पास के मेट्रो स्टेशन के शीशे भी टूट गए. विस्फोट के बाद के भयावह क्षणों को याद करते हुए एक चश्मदीद ने कहा, “करीब 20 मिनट पहले, स्थिति अविश्वसनीय थी. एक ज़ोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही सेकंड में आसमान लाल धुएं से ढक गया. हर कोई चीख रहा था और अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा था.” उसने कहा कि धमाका इतना भीषण था कि सड़क पर मानव अवशेष बिखर गए

एक दुकानदार ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि पूरी इमारत हिल गईं. उसने कहा, “मैं यहां कुछ खरीदने आया था कि तभी एक जोरदार धमाका सुना. पूरी दुकान हिल गई. कई लोग घायल हो गए और कई लोगों को तुरंत घटनास्थल से ले जाया गया.

एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि “जब धमाका हुआ तब हम धीरे-धीरे चल रहे थे. खिड़की के शीशे टूट गए, और हम बाजार की ओर भागे. वहां बहुत भीड़ थी, किसी को पता नहीं था कि क्या हो रहा है.” दिल दहला देने वाले दृश्यों को याद करते हुए, चश्मदीद ने कहा, “हमने दो-तीन लोगों के शरीर के अंगों को टुकड़े-टुकड़े होते देखा.” एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि दृश्य भयावह था. हमने कटे हुए हाथ, उंगलियां और यहां तक कि एक कार का स्टीयरिंग व्हील भी उड़ते हुए देखा. ठेले वाले और टैक्सी चालक विस्फोट में फंस गए, जिनमें से कुछ बच नहीं पाए.”

Read more

Local News