Saturday, March 28, 2026

हजारीबाग पुलिस ने 42.5 लाख रुपये की 8.2 किलो अफीम बरामद की है.

Share

हजारीबाग: जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 42.5 लाख रुपये मूल्य की 8.2 किलो अफीम बरामद की है. इस मामले में चार अफीम तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को शनिवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि मुकुंदगंज स्थित टोयोटा शोरूम के सामने चार लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं.

  • सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी के लिए टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर पहुंचकर चारों संदिग्धों सचिन कुमार, नंकु ठाकुर, राकेश कुमार मेहता और अनिल दांगी को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान इनके पास से चार बैग में अफीम, चार मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ है.

एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे चतरा से अफीम लेकर हरियाणा बेचने जा रहे थे. पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह कार्रवाई हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है. इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट किया है कि अफीम, हजारीबाग से पंजाब और हरियाणा तक पहुंचाई जा रही है. इस अवैध काम में अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय है, जो नशे का अवैध कारोबार कर रहा है.

Read more

Local News