Friday, March 27, 2026

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने प्रचार किया.

Share

घाटशिलाः पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में वोट अपील करने राज्य के मुख्यमंत्री सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन शुक्रवार को नरसिंहगढ़ हाट मैदान पहुंचे.

इस जनसभा में मौजूद महिला-पुरुषों को संबोधित करते हुए सीएम ने चंपाई सोरेन का नाम लिए बिना कहा कि झामुमो का बैल है और अब भाजपा का खेत जोत रहा है. भाजपा प्रत्याशी के बारे में सीएम ने कहा कि उनकी चाल-ढाल से आप सभी परिचित हैं. पार्टी प्रत्याशी सोमेश सोरेन को मृदुभाषी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमेश को आप सब भारी मतों से जिताइये. ये अपने पिता स्व. रामदास सोरेन के अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे.

सीएम ने कहा कि सोमेश के पीछे हम सभी हैं ही, घाटशिला के विकास के लिए बाकी काम हम करेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के उद्योगों में 75% स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार मुहैया करवाया जाएगा. यह अबुआ सरकार है, महिलाओं के उत्थान के लिए ढाई हजार रुपया देती है, सरकार बिजली बिल भी माफ कर चुकी है.

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि अब उपचुनाव आखिरी पढ़ाव पर है. धन-बल और छल-बल वाले लोग आएंगे वोट मांगने के लिए, उन्हें भगाना होगा. सीएम ने कहा कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन में शहीद होने वालों के बच्चे अब बड़े और मजबूत कंधा वाले बन चुके हैं. ये झारखंड की रक्षा कर रहे हैं, झारखंडियों की आदत है- हां तो हां और ना तो ना कहने की.

सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र ने टैक्स बढ़ाकर महंगाई बढ़ा दी है, आम आदमी के दैनिक उपयोग के हर सामान पर टैक्स कगाकर महंगा कर दिया है. केंद्र के इस फैसले से आम आदमी परेशान है. अंत में सीएम हेमंत ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वो 11 नवंबर को मतदान केंद्र आएं और वोट देकर झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन को विजयी बनाएं.

Read more

Local News