देवघर: जिले के बेला बगान में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. शहर के पॉश इलाके में पति पत्नी की हत्या की घटना से लोग सकते में हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर एक नवदंपती की इस तरह से हत्या कैसे हो गई?
जानकारी मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को सील करते हुए एक-एक सबूत की बारीकी से जांच की. पुलिस टीम ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद लड़की के परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर कई तरह के आरोप लगाए.
घटना की जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं लड़की के परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी में पिछले कई महीनों से अनबन चल रही थी, जिसकी जानकारी महिला थाना में भी दी गई थी.
हत्या से पहले हुई थी दोनों के बीच बहस
लड़की के भाई सोनू कुमार सिंह ने बताया कि लड़का, असम के गुवाहाटी में काम करता था. कुछ दिन पहले ही गुवाहाटी से आया था और लड़की को मायके से अपने घर बेला बगान के सिंघवा ले गया था लेकिन देर रात दोनों में हुई बहस के बाद पति रवि ने पहले पत्नी लवली की चाकू मारकर हत्या की दी और फिर खुद की भी जान ले ली.
प्राथमिक अनुसंधान में जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर यही लग रहा है कि पति-पत्नी आपस में ही लड़कर एक दूसरे को मौत के घाट उतारे हैं. पूरी घटना की अनुसंधान की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही पूरे मामले का वास्तविक कारण पता चल सकेगा: राजीव कुमार, टाउन थाना प्रभारी
पूरी घटना के बाद आसपास के लोग चिंतित हैं और नव दंपती की दर्दनाक मौत को लेकर कई तरह की बातें कर रहे हैं. अब सवाल यह उठता है यदि पूरी घटना की जानकारी पुलिस को पहले ही लिखित रूप से दी गई थी तो इस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि ऐसी क्या बात हुई थी कि एक पति ने अपने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी काल के गाल में समा गया.


