आजकल टैटू बनवाना बहुत लोकप्रिय हो गया है, क्योंकि बहुत से युवा स्टाइलिश दिखने और ट्रेंड में रहने के लिए टैटू बनवाना पसंद करते हैं. हालांकि, बदलती जीवनशैली के साथ टैटू सिर्फ फैशन स्टेटमेंट नहीं बल्कि व्यक्तित्व और विचारों को व्यक्त करने का एक तरीका बन गया है. कुछ लोग अपनी भावनाओं, यादों को व्यक्त करने और किसी विशेष व्यक्ति को हमेशा याद रखने के लिए टैटू बनवाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि टैटू देखने में जितने सुंदर लगते हैं, उन्हें बनवाना उतना ही मुश्किल भी हो सकता है? वहीं, टैटू बनवाते समय कुछ सावधानियां बरतना महत्वपूर्ण है, खासकर यदि आप पहली बार टैटू बनवा रहे हों. क्योंकि टैटू सिर्फ एक फैशन स्टेटमेंट नहीं है, यह ऐसी चीज है जो जीवन भर आपके साथ रहती है. ऐसे में अगर आप पहली बार टैटू बनवा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातें हैं जो आपको जाननी चाहिए. तो चलिए आज के इस खबर में टैटू बनवाने से पहले आपको किन तैयारियों और सावधानियों को बरतना चाहिए, इसके बारे में जानते हैं…
प्रोफेशनल टैटू आर्टिस्ट का चुनाव करना महत्वपूर्ण
एक बार टैटू बनवाने के बाद, यह आपके शरीर पर हमेशा के लिए (परमानेंट) बना रहेगा. इसलिए, टैटू बनवाते समय एक प्रोफेशनल टैटू आर्टिस्ट का चुनाव करना जरूरी है. सुनिश्चित करें कि टैटू कलाकार सही सुइयों और डिसइंफेक्ट इंस्ट्रूमेंट का इस्तेमाल करें सस्ती या अनहेल्दी जगहों पर टैटू बनवाने से बचें, क्योंकि इससे स्किन इंफेक्शन या एलर्जी का खतरा बढ़ सकता है.
टैटू का डिजाइन समझदारी से चुनें
टैटू हमेशा व्यक्तित्व, विचारों और भावनाओं से भरे होते हैं. इसलिए किसी भी ट्रेंडी टैटू की नकल न करें, बल्कि ऐसा टैटू बनवाएं जो आपके अपने विचारों से जुड़ा हो. साथ ही, शुरुआत छोटे टैटू से करें क्योंकि इसमें दर्द कम होता है. अगर आपको कोई टैटू पसंद आता है, तो पहले किसी डिजिटल ट्रायल ऐप का इस्तेमाल करके उसे आजमाएं ताकि आपको अंदाजा हो सके कि टैटू कैसा दिखेगा.
टैटू बनवाने से पहले स्किन और हेल्थ का पर ध्यान दें
टैटू बनवाने से पहले अपनी त्वचा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. अगर शरीर के जिस हिस्से पर टैटू बनवाना है, वहां त्वचा रूखी है, या कोई चोट या सूजन है, तो टैटू बनवाना खतरनाक हो सकता है. इसलिए टैटू बनवाने से 24 घंटे पहले शराब, कैफीन या दर्द निवारक दवाइयां लेने से बचें. ये खून को पतला कर देती हैं और रक्तस्राव बढ़ा सकती हैं. शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए एक दिन पहले खूब पानी पिएं.
दर्द सहने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें
पहली बार टैटू बनवाना दर्दनाक और तनावपूर्ण हो सकता है. इसलिए टैटू बनवाने के दर्द के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार रखें. अगर आप दर्द बर्दाश्त नहीं कर सकते, तो टैटू बनवाने से बचें. खाली पेट टैटू बनवाने से बचें, इससे चक्कर आ सकते हैं या बेहोशी आ सकती है. प्रोसेस के दौरान खुद को डिस्ट्रक्टिव रखें. इससे दर्द का एहसास कम होगा.
टैटू हटाने के बाद देखभाल
टैटू बनवाने के बाद उस जगह की देखभाल करना बेहद जरूरी है. अगर टैटू की ठीक से देखभाल न की जाए, तो संक्रमण का खतरा रहता है. टैटू बनवाने के बाद, उसे 24 घंटे तक पानी के संपर्क में न आने दें. साथ ही, समय-समय पर टैटू आर्टिस्ट द्वारा दिया गया चिकित्सीय मलहम या मॉइस्चराइजर भी लगाते रहें. कुछ दिनों तक तैराकी, जिमिंग और धूप में जाने से बचें.


